छात्र चर्च जाने लगा,घर में मूर्तियां तोडी : परिवार ने स्कूल और शिक्षिका पर लगाया दबाव का आरोप
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

जबलपुर,यशभारत। अधारताल क्षेत्र में एक छात्र के अचानक बदलते धार्मिक झुकाव ने परिवार और समाज में हलचल मचा दी है। सत्यनारायण शर्मा का बेटा, जो नीट की तैयारी कर रहा है और पहले सेंट जेवियर स्कूल में पढ़ता था, कथित रूप से स्कूल में शिक्षिका पलक सिंह और एक फादर के प्रभाव में आने के बाद चर्च जाने लगा।
परिवार का आरोप है कि बेटे ने घर में रखी हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियाँ तोड़ीं और तस्वीरें फाड़ दीं। विरोध करने पर वह आक्रामक हो जाता है और घर में हाथापाई की स्थिति उत्पन्न कर देता है। पिता ने बताया कि बेटे ने दरवाज़े तक तोड़ने की कोशिश की और लगातार कहता है कि वह ईसाई धर्म अपनाना चाहता है।
परिजन का कहना है कि यह बदलाव किसी स्वाभाविक प्रक्रिया का परिणाम नहीं, बल्कि स्कूल से जुड़े व्यक्तियों के धार्मिक प्रभाव का परिणाम है।
मामले की शिकायत अधारताल थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों ने कहा कि पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक जांच की जाएगी।
स्थानीय धर्मगुरु और सामाजिक संगठन इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि बच्चों पर धर्म और आस्था को लेकर किसी भी प्रकार का दबाव संवेदनशील विषय है और इसे गंभीरता से लेना चाहिए।







