करोड़ों का फर्जी बिल भुगतान और अमृत 2.0 में घोटाला! गुढ़ नगर परिषद में आरोपों का नया दौर शुरू

रीवा । नगर पंचायत गुढ़ में आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह के विधायक नागेंद्र सिंह पर लगाए गए आरोप के जवाब में एक दिन बाद अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले 13 पार्षदों ने पत्रकार वार्ता किया। इस दौरान पार्षदों ने कहा कि अध्यक्ष अपना भ्रष्टाचार छिपाने के लिए विधायक को मोहरा बना रही हैं। पार्षदों ने संयुक्त वार्ता कर कहा कि अध्यक्ष द्वारा जनता का ध्यान कथित भ्रष्टाचार से हटाने के लिए गुढ़ क्षेत्र के विधायक नागेन्द्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनंत गुप्ता एवं जिला मंत्री बाबूलाल यादव की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद में करोड़ों रुपए के फर्जी बिलों का भुगतान किया गया है। उन्होंने दावा किया कि अध्यक्ष और तत्कालीन मु य नगर पालिका अधिकारी की मिलीभगत से डीजल भुगतान, अमृत 2.0 योजना एवं अन्य कार्यों के नाम पर फर्जी भुगतान किए गए। पार्षदों का कहना था कि इन मामलों को लेकर वे कई बार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन दे चुके हैं। अविश्वास प्रस्ताव लाने क के कारणों सहित अध्यक्ष के तमाम आरोपों को पार्षदों ने बेबुनियाद और निराधार बताया है। पत्रकार वार्ता में पार्षद ओम त्रिपाठी, गीता तिवारी, दुर्गेश गुप्ता, मुमताज खान, अर्चना साकेत, जगदीश गोटिया, विमला रावत, शंकर बंसल, शशिप्रभा गुप्ता, सरोज उपाध्याय, गीता सिंह, पुष्पा प्रजापति और बबिता यादव शामिल रहीं






