
छेड़छाड़ के विरोध का बदला, बदमाशों ने टेंट हाउस जला डाला, कार-ऑटो तोड़े
जबलपुर,यश भारत।। घमापुर इलाके में गुरुवार शाम बदमाशों ने आतंक मचाते हुए टेंट हाउस में आग लगा दी, ऑटो व कार में तोड़फोड़ की और पत्थरबाजी करते हुए पूरे मोहल्ले में दहशत फैला दी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर को इलाके में रहने वाली छात्राओं से कुछ बदमाशों ने छेड़छाड़ की थी। टेंट हाउस संचालक महेश व पूनम थदानी ने उन्हें डांटकर ऐसा करने से रोका था। इसी का बदला लेने के लिए 20 नवंबर की शाम करीब साढ़े तीन बजे यश ठाकुर अपने चार साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और पत्थरबाजी शुरू कर दी। बदमाशों ने दुकान में घुसकर पेट्रोल डालकर टेंट हाउस में आग लगा दी। लगभग आधे घंटे तक हथियार लहराते हुए बदमाश गलियों में उत्पात मचाते रहे। इस दौरान दुकान के बाहर खड़ी कार और ऑटो को भी नुकसान पहुंचाया गया।

परिवार को मिली जान से मारने की धमकी
पीड़ित पूनम थदानी ने बताया कि बदमाशों के परिवारजन भी पुलिस के सामने धमकी देते रहे कि यदि उन्होंने शिकायत वापस नहीं ली तो उनके बेटे जय की हत्या कर दी जाएगी। इससे पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने यह भी बताया कि बदमाश पहले भी इनके प्लॉट पर कब्जे की कोशिश कर चुके हैं और विरोध करने पर घर में घुसकर बच्चियों से छेड़छाड़ व मारपीट कर चुके हैं।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घमापुर पुलिस ने पूनम और महेश थदानी की शिकायत पर यश ठाकुर समेत कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई संतोष यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी हथियारों के साथ तोड़फोड़ करते नजर आए हैं। पुलिस टीम ने उनकी तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई है।






