ई-विधानसभा की दिशा में मध्यप्रदेश का बड़ा कदम, 28 अक्टूबर से विधायकों का प्रशिक्षण

ई-विधानसभा की दिशा में मध्यप्रदेश का बड़ा कदम, 28 अक्टूबर से विधायकों का प्रशिक्षण
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे उद्घाटन, नेवा एप्लीकेशन से डिजिटल होंगे विधायी कामकाज
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश विधानसभा को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसके तहत नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के उपयोग में विधायकों को दक्ष बनाने के लिए 28 से 30 अक्टूबर तक तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर 28 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे विधानसभा के सभागार में करेंगे।
पांच बैच में होगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधायकों को नेवा एप्लीकेशन के उपयोग डिजिटल विधायी कार्यों ऑनलाइन प्रश्न-उत्तर और सदन की डिजिटल कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए विधायकों को पांच बैच में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बैच में 50 विधायकों को शामिल करने की रूपरेखा तैयार की गई है। विधायकों के कामकाज में सहयोग करने वाले ओएसडी और निजी सहायकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ई-विधानसभा व्यवस्था लागू होने के बाद विधायक प्रश्न लगाने ध्यानाकर्षण और स्थगन प्रस्ताव की सूचनाएं देने संकल्प प्रस्तुत करने तथा याचिकाओं सहित अन्य विधायी प्रक्रियाओं के लिए डिजिटल एप्लीकेशन का उपयोग करेंगे। सदन की कार्यसूची प्रश्नों के उत्तर विधेयक और अन्य विधायी जानकारियां भी डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगी। पुराने प्रश्नों और सदन की कार्यवाही को ऑनलाइन देखा जा सकेगा।इस व्यवस्था से कागजी कार्यवाही कम होने के साथ विधायी प्रक्रियाओं में तेजी पारदर्शिता और सुलभता बढ़ने की उम्मीद है। यह पहल एक राष्ट्र एक एप्लीकेशन की अवधारणा के अनुरूप विधानसभा के कामकाज को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।







