भोपालमध्य प्रदेश

 ड्रग तस्कर यासीन मछली के गुर्गे को राजगढ़ पुलिस ने दबोचा, 85 हजार की एमडी ड्रग्स बरामद

 ड्रग तस्कर यासीन मछली के गुर्गे को राजगढ़ पुलिस ने दबोचा, 85 हजार की एमडी ड्रग्स बरामद
भोपाल के ऐशबाग निवासी सनब्बर अंसारी ड्रग्स डिलीवरी के दौरान गिरफ्तार, लंबे समय से था फरार
भोपाल, यशभारत। भोपाल के कुख्यात ड्रग तस्कर यासीन उर्फ मछली के खास गुर्गे सनब्बर अंसारी को सारंगपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को उस वक्त पकड़ा गया जब वह राजगढ़ में ड्रग्स की डिलीवरी देने पहुंचा था। उसके पास से 85,000 मूल्य की एमडी ड्रग्स बरामद की गई है।
ड्रग्स डिलीवरी के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा
राजगढ़ की सारंगपुर पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति गोल्डन कलर की कार के साथ तारागंज रोड पर खड़ा है और उसके पास अवैध एमडी ड्रग्स मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सनब्बर अंसारी (निवासी: बोगदापुल बाग फरहद अफजा, ऐशबाग, भोपाल) बताया।
यासीन की गिरफ्तारी के बाद से था फरार
आरोपी सनब्बर, भोपाल में ड्रग तस्करी के सबसे बड़े नामों में से एक यासीन उर्फ मछली का खास गुर्गा है। 22 जुलाई 2025 को यासीन की गिरफ्तारी के बाद पेडलर के तौर पर सनब्बर का नाम सामने आया था। तभी से वह फरार चल रहा था। उसके खिलाफ भोपाल क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।
भाई भी हाल ही में हुआ था गिरफ्तार
सनब्बर पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। यह ड्रग तस्कर परिवार पिछले कुछ समय से पुलिस के निशाने पर है। जानकारी के अनुसार, सनब्बर के भाई शाकिर को भी हाल ही में क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। उस पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। राजगढ़ पुलिस ने आरोपी सनब्बर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे भोपाल क्राइम ब्रांच को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि ड्रग्स नेटवर्क की और कड़ियों का खुलासा किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button