
जबलपुर, यश भारत। साइंस कॉलेज में 9 नवम्बर को आयोजित 45 वीं मध्यप्रदेश मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 में जिला पुलिस की महिला आरक्षक रंजना शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो इवेंट्स — हैमर थ्रो और शॉटपुट थ्रो — में स्वर्ण पदक जीतकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की। एसपी उपाध्याय ने कहा कि “महिला आरक्षक रंजना शर्मा ने न केवल जबलपुर पुलिस, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश पुलिस बल और देश का नाम रोशन किया है। हमें गर्व है कि हमारे विभाग में ऐसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं जो अपने कर्तव्यों के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।”
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि विभागीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे ताकि अधिक से अधिक पुलिस कर्मी खेल जगत में अपनी पहचान बना सकें।






