एशियन गेम्स से पहले भोपाल में जुटेगी भारतीय निशानेबाजी टीम

एशियन गेम्स से पहले भोपाल में जुटेगी भारतीय निशानेबाजी टीम
– आज से 14 सितंबर तक अंतिम तैयारी शिविर, मनु भाकर और ऐश्वर्य तोमर समेत 18 निशानेबाज होंगे शामिल
भोपाल, यशभारत। एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय निशानेबाजी टीम का अंतिम तैयारी शिविर भोपाल में आयोजित किया जाएगा। मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में 5 से 14 सितंबर तक चलने वाले शिविर में 9 पुरुष और 9 महिला सहित कुल 18 शीर्ष निशानेबाज हिस्सा लेंगे। पूरे दल में खिलाड़ियों, कोच और सहयोगी स्टाफ समेत 36 सदस्य शामिल होंगे।
शिविर में मनु भाकर, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, ईशा सिंह, रुद्राक्ष पाटिल, पार्थ माने, हिमांशु ढिल्लों, नीरज कुमार, इलावेनिल वालारिवन, सोनम मस्कर, आषी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और राही सरनोबत सहित प्रमुख निशानेबाज प्रशिक्षण लेंगे।
राइफल और पिस्टल के विशेषज्ञ कोच खिलाड़ियों की तकनीकी तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। इसके साथ ही फिटनेस, रिकवरी और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिविर में विदेशी कोचों के साथ भारतीय कोच, फिजियोथेरेपिस्ट, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग ट्रेनर और स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट भी खिलाड़ियों के साथ रहेंगे।
खिलाड़ियों को 10, 25 और 50 मीटर की शूटिंग रेंज, फाइनल रेंज तथा जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे निशानेबाजों को प्रतियोगिता से पहले तकनीक और फिटनेस को अंतिम रूप देने का मौका मिलेगा।







