देश

मिड-डे मील में नमक की जगह सर्फ! खाना खाते ही 18 छात्राओं की बिगड़ी तबीयत

बिहार के नालंदा जिले का मामला

पटना। बिहार के नालंदा जिले में स्कूल के मिड-डे मील में हुई गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। नूरसराय थाना क्षेत्र के परासी मिडिल स्कूल में बच्चों को परोसी गई सोयाबीन की सब्जी में नमक की जगह कथित तौर पर सर्फ डाल दिया गया। खाना खाने के बाद करीब 18 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। सभी को तत्काल बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल में मिड-डे मील का भोजन दूसरे स्कूल से बनकर आया था। सब्जी में नमक कम होने पर छात्राओं ने नमक मांगा। आरोप है कि इसी दौरान गलती से नमक की जगह सर्फ दे दिया गया। इसके बाद सब्जी खाने वाली छात्राओं को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी।

बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्कूल और परिजनों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश बच्चों की हालत फिलहाल सुरक्षित है और सभी को लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही नालंदा के सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और छात्राओं के उपचार की जानकारी ली। सिविल सर्जन ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उनका इलाज जारी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है कि मिड-डे मील में सर्फ कैसे पहुंचा और बच्चों को नमक की जगह यह पदार्थ किस तरह परोसा गया। घटना ने स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button