दो विधानसभाओं में निर्विरोध और दो में मुकाबले के साथ निर्वाचित हुए युवा कांग्रेस अध्यक्ष, लंबे इंतजार के बाद नतीजे घोषित, चार नेताओं को पछाड़कर मोहम्मद इजराइल बने जिलाध्यक्ष, सचिव पद के साथ कटनी को प्रदेश की टीम में भी मिली हिस्सेदारी

कटनी, यशभारत। लंबी चली युवा कांग्रेस संगठन चुनाव की प्रक्रिया के बाद आज नतीजे घोषित कर दिए गए। कटनी जिले को प्रदेश स्तर पर सचिव पद के साथ युवा कांग्रेस में हिस्सेदारी मिली है तो दूसरी ओर जिलाध्यक्ष पद पर बाकी तीन प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए मोहम्मद इजराइल युवा कांग्रेस के कटनी जिलाध्यक्ष घोषित कर दिए गए हैं। चार विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष के इलेक्शन में बड़वारा और विजयराघवगढ़ में निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए, जबकि मुड़वारा और बहोरीबंद में मुकाबले के बीच सचिन गर्ग और दीपक यादव को सफलता मिल गई।
कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अंशु मिश्रा प्रदेश सचिव पद पर निर्वाचित हो गए हैं। उन्होंने महासचिव का चुनाव लड़ा था, लेकिन कुल वोटिंग, प्राप्त मत और बड़ी तादात में मतों के रिजेक्शन के बीच उनके हिस्से सचिव पद आया। कटनी जिलाध्यक्ष पद पर 5 लोग किस्मत आजमा रहे थे। बाकी चार दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए मोहम्मद इजराइल 2952 वोट पाकर युवा कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। अब तक इस पद पर अंशु मिश्रा थे। युवा कांग्रेस के इलेक्शन सिस्टम के मुताबिक जिलाध्यक्ष के चुनाव में 955 वोट पाकर दूसरे क्रम पर रहे पार्थ समाधिया उपाध्यक्ष, 463 वोट पाकर तीसरे क्रम पर रहे नीरज पटेल उपाध्यक्ष तथा 41 वोट लेकर चौथे क्रम पर रहे आदित्य कटारे सचिव निर्वाचित हुए हैं।
जिला महासचिव के लिए 5 युवा नेताओं में था मुकाबला
जानकारी के मुताबिक युवा कांग्रेस में जिला महासचिव पद के लिए पंचकोणीय मुकाबला था। 1255 वोट पाकर अभिषेक गुप्ता महासचिव निर्वाचित हो गए हैं। इसी तरह विकास दुबे को 842, ब्रजेश मौर्या को 824, राजीव पटेल को 253 और उदय पटेल को 95 वोट मिले।
विधानसभा क्षेत्रों की ये तस्वीर
जानकारी के मुताबिक जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में भी नए युवा कांग्रेस अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। बड़वारा में शैलेश जायसवाल और विजयराघवगढ़ में शुभम साहू निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि बहोरीबंद में तीन नेताओं के बीच मुकाबले में 708 वोट पाकर दीपक यादव अध्यक्ष चुन लिए गए। यहां दूसरे क्रम पर आए पंकज कुमार उपाध्यक्ष और तृतीय क्रम पर आए शुभम परोहा महासचिव बन गए हैं। मुड़वारा में सचिन गर्ग 1101 वोट पाकर अध्यक्ष बन गए हैं, जबकि 616 वोट के साथ अभय खरे उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। कांग्रेस हलकों में चर्चा है कि युवा कांग्रेस चुनावों में अंशु मिश्रा समर्थकों को अधिक सफलता मिली है।








