चीलघाट नदी में गिरे ट्रक से 2 शव बरामद : ड्राइवर क्लीनर की दर्दनाक मौत…. देखें पूरा वीडियो

दमोह। कुम्हारी थाना क्षेत्र के चीलघाट नदी में गिरे सीमेंट से भरे 18 चक्का ट्रक से पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद दो शव बरामद कर लिए। शनिवार को दिनभर बड़ी क्रेन और रेस्क्यू टीम की मदद से नदी में ऑपरेशन चलाया गया, जो देर रात करीब 2 बजे तक जारी रहा। नदी की तेज धार और पानी के बीच ट्रक में फंसे शवों को निकालने में टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
रेस्क्यू टीम ने करीब रात 1 बजे ट्रक को काटकर पहला शव बाहर निकाला। इसके करीब एक घंटे बाद रात 2 बजे दूसरा शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने मृतकों की पहचान ड्राइवर अभिषेक पिता सुरेश, उम्र 23 वर्ष और क्लीनर तुलसी भाई पिता गणेश, उम्र 38 वर्ष, निवासी सुन्नंता, थाना त्योंदा, जिला विदिशा के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार ट्रक में सीमेंट भरा हुआ था और हादसे के बाद वह चीलघाट नदी की धार में फंस गया था। दोनों शवों के बरामद होने के बाद ट्रक में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है। अब रविवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा शुरू कर नदी में फंसे ट्राले को बाहर निकालने का काम किया जाएगा।







