अंगना पधारो महारानी” से मिली पहचान, हास्य कलाकार मनीष अग्रवाल बने लोकप्रिय भजन गायक
माता शारदा की प्रेरणा से शुरू हुआ भक्ति का सफर

यश भारत, जबलपुर। संस्कारधानी के मनीष अग्रवाल उर्फ मोनी, जो कभी टीवी के लाफ्टर चैलेंज जैसे कॉमेडी शो में दर्शकों को हंसाने के लिए जाने जाते थे, आज देशभर में भक्ति संगीत की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम बन चुके हैं। उनके द्वारा लिखा और गाया गया भजन “अंगना पधारो महारानी मोरी शारदा भवानी” आज बड़े-बड़े कथावाचकों और भजन गायकों के मंच पर गूंजता है।
माता शारदा की प्रेरणा से शुरू हुआ भक्ति का सफर
मनीष ने बताया कि वर्ष 2013 में विजय राघवगढ़ स्थित शारदा देवी मंदिर में दर्शन के दौरान इस भजन की प्रेरणा मिली। उन्हें पहले कभी गीत लेखन का अनुभव नहीं था, लेकिन भावनाओं से ओतप्रोत होकर उन्होंने इस भजन को लिखा और मंच से पहली बार प्रस्तुत किया, तो अपार सराहना मिली। यहीं से उनका जीवन बदल गया।
देशभर में मंच से बजती है ‘अंगना पधारो’ की गूंज
आज यह भजन धीरेंद्र शास्त्री, जया किशोरी, अनुर्ध्वाचार्य जी महाराज, लखबीर सिंह लक्खा और आशा वैष्णव जैसे लोकप्रिय प्रवचनकर्ताओं द्वारा भी गाया जाता है। इसके साथ ही देशभर के 100 से अधिक भजन गायक इसे अपने कार्यक्रमों में प्रस्तुत करते हैं।
लोकप्रिय भजनों की लंबी श्रृंखला
मनीष अग्रवाल के भजनों में “अब तुम्हारे भरोसे रेवा मां”, “भंवर में नैया डाल दई”, और “निकली दशहरा में काली कालिका चली” जैसे गीत भी शामिल हैं, जो आज नवरात्रि, दशहरा और मां नर्मदा से जुड़े आयोजनों में धूम मचाते हैं।डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी छाए
उनका यूट्यूब चैनल भक्ति रस में डूबा हुआ है। अब तक वे 200 से अधिक भजन अपलोड कर चुके हैं और उनके 2 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। हजारों लोग उनके गानों पर रील्स और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। माँ
शारदा और नर्मदा मैया का आशीर्वाद
मनीष कहते हैं,”मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक भजन मेरी पूरी ज़िंदगी की दिशा बदल देगा। यह मां शारदा और नर्मदा मैया की कृपा है कि आज मैं लाखों लोगों के दिल तक भक्ति के माध्यम से पहुँच पा रहा हूँ।”
देशभर में मिल रही है मंचों पर सराहना
अब तक मनीष मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में प्रस्तुति दे चुके हैं। हाल ही में संपन्न नवरात्रि में 20 से अधिक कार्यक्रमों में उन्होंने प्रस्तुति दी।







