जबलपुरदेशमध्य प्रदेश

संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में भाग लेने मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा न्यूयॉर्क रवाना

8 से 14 अक्टूबर, 2025 तक न्यूयॉर्क में आयोजित होगी बैठक

जबलपुर,यशभारत। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र की बैठक में भाग लेने के लिए मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा सोमवार देर रात्रि न्यूयॉर्क के लिए रवाना हो गए हैं। UNGA की यह बैठक आगामी 8 से 14 अक्टूबर, 2025 तक न्यूयॉर्क में आयोजित की जाएगी।

विवेक तन्खा भारत के संसदीय प्रतिनिधिमंडल के प्रथम दल के सदस्य हैं, जिसका नेतृत्व पाली संसदीय क्षेत्र राजस्थान के लोक सभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री पी. पी. चौधरी कर रहे हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में 11 लोकसभा सदस्यों और 4 राज्यसभा सदस्यों सहित कुल 15 सांसद शामिल हैं, जिनमें डॉ. निशिकांत दुबे, कुमारी शैलजा, राजीव राय, डॉ. मेधा विश्राम कुलकर्णी तथा उज्जवल निकम भी सम्मिलित हैं।

07 3

प्रतिनिधिमंडल अपनी यात्रा की शुरुआत न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके करेगा। इसके उपरांत, संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र की अध्यक्ष ऐनालेना बैरबॉक से भेंट कर भारत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेगा तथा अंतर्राष्ट्रीय संकट समूह (International Crisis Group) के साथ संवाद करेगा। साथ ही, सांसदों को संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली के कानूनी पहलुओं पर कानूनी मामलों के कार्यालय (Office of Legal Affairs) द्वारा विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दिवाली पर्व की भावना को समर्पित एक विशेष सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल 14 अक्टूबर को भारत वापस लौटेगा।

यह उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA), संयुक्त राष्ट्र (UN) के छह प्रमुख अंगों में से एक है, जो संगठन का मुख्य विचार-विमर्श, नीति-निर्धारण एवं प्रतिनिधिक अंग है। महासभा संयुक्त राष्ट्र के बजट को स्वीकृति देने, सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्यों की नियुक्ति करने, महासचिव की नियुक्ति सुनिश्चित करने, संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के अन्य अंगों से रिपोर्ट प्राप्त करने तथा प्रस्तावों के माध्यम से सिफारिशें करने के लिए उत्तरदायी है। अपने कार्यों को सुदृढ़ बनाने के लिए यह अनेक सहायक निकायों की स्थापना भी करती है। संयुक्त राष्ट्र महासभा संयुक्त राष्ट्र का एकमात्र ऐसा मंच है, जहाँ सभी सदस्य देशों को समान प्रतिनिधित्व प्राप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button