नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने छटवीं मंजिल से कूद कर दी जान

नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने छटवीं मंजिल से कूद कर दी जान
-सिर दर्द होने पर कोचिंग से पहुंचा था घर, पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
भोपाल, यशभारत। मिसरोद इलाके में रहने वाले नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने कल दोपहर छठवीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। वह सिर दर्द होने के कारण कोचिंग से घर पहुंचा था, पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
एएसआई रामकुमार प्रजापति ने बताया कि मूलत: इटारसी जिला नर्मदापुरम निवासी विधान कुमार जैन पुत्र विवेक कुमार जैन (19) हिमालय रेसीडेंसी मिसरोद में अपने जुड़वा भाई के साथ रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। उसके पिता व्यापारी हैं। उसका जुड़वा भाई सीए की तैयारी कर रहा है। कल सुबह दोनों भाई अपने-अपने टाइम पर कोचिंग चले गए थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक सिर में दर्द होने के कारण वह पिता से फोन पर बात कर कोचिंग से घर लौटा था। इसके बाद वह बिल्डिंग की छटवीं मंजिल की छत से नीचे कूद गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घर से बाहर निकले और देखा तो छात्र खून से लतपथ हालत में पड़ा है, इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत छात्र को इलाज के लिए एम्स लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्तपाल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मृतक छात्र के परिजनों के बयानों के बाद ही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का अनुमान है कि पढ़ाई के डिप्रेशन के चलते उसने जान दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







