इटारसी होकर उधना वलसाड से दुर्गापुर के लिए स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत
Special trains from Udhna Valsad to Durgapur via Itarsi, big relief to passengers

इटारसी होकर उधना वलसाड से दुर्गापुर के लिए स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को बड़ी राहत
भोपाल यश भारत। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने अतिरिक्त सुविधाएं बढ़ाते हुए इटारसी मार्ग से उधना और वलसाड से दुर्गापुर के बीच स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के लिए आरक्षण शुरू हो चुका है और यात्री एनटीईएस या 139 नंबर के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। रेलवे प्रशासन के अनुसार वलसाड-दुर्गापुर स्पेशल ट्रेन 09143/09144 एक ट्रिप में संचालित होगी। इस ट्रेन में 4 एसी थर्ड 12 स्लीपर, 4 सामान्य, एक जनरेटर कार और एक एसएलआरडी सहित कुल 22 कोच लगाए गए हैं। ट्रेन 25 अप्रैल को वलसाड से प्रस्थान कर इटारसी, जबलपुर होते हुए दुर्गापुर पहुंचेगी, वहीं वापसी में 27 अप्रैल को दुर्गापुर से चलकर 28 अप्रैल को वलसाड पहुंचेगी। इसी तरह उधना-दुर्गापुर स्पेशल ट्रेन 09175/09176 दो ट्रिप में चलाई जाएगी। यह ट्रेन 26 और 27 अप्रैल को उधना से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर इटारसी, जबलपुर, कटनी होते हुए अगले दिन रात 8:50 बजे दुर्गापुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 27 और 28 अप्रैल को दुर्गापुर से प्रस्थान कर निर्धारित मार्ग से होते हुए उधना पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी चेयरकार, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कुल 17 कोच लगाए गए हैं। पश्चिम मध्य रेलवे के पीआरओ नवल अग्रवाल ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को गर्मी के मौसम में कंफर्म सीट मिलने में सुविधा होगी और भीड़ का दबाव भी कम होगा। वहीं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रीवा सीएसएमटी स्पेशल ट्रेन को अब नियमित रूप से चलाने का निर्णय भी लिया गया है। ट्रेन संख्या 02187/02188 को अब 20153/20154 रीवा सीएसएमटी एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा जो इटारसी मार्ग से होकर चलेगी। इससे यात्रियों को स्थायी रूप से बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।







