भोपाल

एम्स के सामने रोड पर हुआ अतिक्रमण, जिम्मेदार मौन  – अतिक्रमण के कारण रोज लग रहा जाम, परेशान हो रहे लोग

एम्स के सामने रोड पर हुआ अतिक्रमण, जिम्मेदार मौन
– अतिक्रमण के कारण रोज लग रहा जाम, परेशान हो रहे लोग
– नगर निगम का अमला नहीं दे रहा ध्यान, मुहिम भी हुई फेल
भोपाल यशभारत। प्रदेश के सबसे बड़े चिकित्सकीय संस्थानों में एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के आसपास फैला अतिक्रमण मरीजों व उनके साथ आने वाले परिजनों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। इतना ही नहीं स्थनीय रहवासी भी अतिक्रमण के कारण परेशान हैं। हालात यह है कि यहां पर मरीजों को लाने ले जाने वाली एंबुलेंस भी कई बार यहां फैली अव्यवस्थाओं का शिकार हो जाती है। बेतरतीब तरीके से फैले अतिक्रमण को हटाने की ओर ना तो जिला प्रशासन ध्यान दे रहा है और ना ही नगर निगम प्रशासन । 11 माह पहले नगर निगम क अमला अतिकमण हटाने के लिए पहुंचा था, लेकिन स्थानीय दुकनदारों व गुमठी, ठेला संचालकों के विरोध के चलते अमले को कार्रवाई बंद करनी पड़ी थी। अब बेतहाशा रूप से एम्स के सामने लगातार अतिक्रमण फैलता जा रहा है।
वाहनों के निकलने के लिए जगह नहीं
एम्स के सामने वाली रोड पर अतिक्रमण इस कदर फैला हुआ है कि यहां पैदल निकलना भी कठिन है। बड़े वाहनों के निकलने के दौरान जाम की स्थिति बन जाती है। खान पान के साथ ही फल व सब्जी के ठेले सबसे ज्यादा लग रहे हैं। एम्स के अंदर जाने के लिए गेट नंबर एक व दो है, लेकिन दोनों ही गेटों के सामने अतिक्रमण हो चुका है। अतिक्रमण की चपेट में आए इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। स्थानीय रहवासी अविनाश पांडे ने बताया कि कुछ दिन पहले ही एक बाइक सवार ठेले से टकरा गया था, जिसके बाद ठेला संचालक का विवाद हो गया था। विवाद के दौरान जाम की स्थिति बन गई। इस जाम में वाहन चालक फंस गए थे, यहां तक कि एंबुलेंस को निकलने के लिए भी जगह नहीं थी।
मनमाने तरीके से लगा रहे ठेला व गुमठियां
एम्स गेट के आसपास ठेल, गुमठियों और अवैध दुकानों का पहले तो अतिक्रमण था ही, लेकिन जब से इसे हटाने को लेकर शिकायत की गई तब से अतिक्रमण कम होने की जगह कहीं अधिक बढ़ गया है। अब मरीजों को लाने, ले जाने वाले सैकड़ों सरकारी और निजी वाहन निकालना मुश्किल हो गया है। आए दिन एम्बुलेंस और गाडिय़ां फंसती हैं, जिन्हें लेकर अकसर विवाद भी हो जाता है। अतिक्रमण करने वालों ने मनमाने तरीके से दुकानें, गुमठियों, ठेल आदि इस तरह से अड़ा दिए गए हैं कि एम्बुलेंस और मरीजों को लाने, ले जाने वाले निजी वाहन भी निकालने में मुसीबत होती है। किसी गंभीर मरीज की जान पर भी आ सकती है।
प्रदेश भर से आते हैं मरीज
साकेत नगर स्थित एम्स में प्रदेशभर से मरीज इलाज के लिए आते हैं। वर्तमान में एम्स का एक ही गेट खोला गया है। इसी गेट से एम्स हॉस्पिटल के स्टाफ और मरीजों को लाने, ले जाने वाले वाहनों का आवागमन रहता है। इस गेट के आसपास कई गुमठियों, ठेल, खोमचे वालों ने अतिक्रमण कर लिया है। यहां से सामान लेने वाले भी अपने वाहन सडक़ पर ही आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं, जिससे सडक़ पर ट्रैफिक बाधित होता है।
ग्राहकी बढ़ाने के लिए रोड पर चला रहे दुकानें
स्थानीय लोगों का कहना है कि अच्छी दुकानदारी के चक्कर में हर दुकानदार एम्स गेट के आसपास ही अपनी दुकान जमा लेना चाहता है। इसी होड़ में एम्स गेट के आसपास अवैध दुकानों, ठेल, खोमचों का इतना जमावड़ा हो गया है कि निकलना मुश्किल होता है। कुछ समय पहले तक स्थिति इतनी विकराल नहीं थी, लेकिन जब से इन अवैध दुकानों, ठेल, गुमठियों को हटवाने की शिकायत की गई, तब से अतिक्रम और अधिक हो गया है।
व्यवस्था बनाई जाएगी
एम्स के सामने मार्ग पर व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम के अमले को निर्देशित किया जाएगा। मरीजों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए प्रयास किया जा जाएगा।
– मालती राय, महौपार, नगर निगम भोपाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button