जबलपुरमध्य प्रदेश

वरिष्ठ साहित्यकार स्व. मोहन शशि की स्मृति में छायाचित्र अनावरण व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग में गुरुवार को एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन कर संस्कारधानी के वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार स्व. मोहन शशि को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्री जानकी रमण महाविद्यालय और ‘पेजा’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके छायाचित्र का अनावरण किया गया। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार चैतन्य भट्ट ने स्व. शशि को कलम का सच्चा सिपाही बताते हुए कहा कि वे न केवल निष्पक्ष पत्रकारिता के स्तंभ थे, बल्कि एक बेहद सहृदय और संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रखरता से उठाया। उनके संपादन और नेतृत्व में पत्रकारिता ने नए प्रतिमान स्थापित किए, जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति गहरी संवेदना झलकती थी।

05 16

श्रद्धांजलि सभा में विभागाध्यक्ष प्रो. धीरेंद्र पाठक ने स्व. शशि को एक आदर्श पत्रकार बताया, जिन्होंने वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर कई अनछुए पहलुओं को समाज के सामने रखा। कार्यक्रम का संचालन कर रहे इतिहासकार डॉ. आनंद सिंह राणा ने उनके साहित्यिक योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि उन्होंने ‘बेटी’ विषय पर 600 पृष्ठों की महाकविता रचकर एक अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किया है। वहीं डॉ. बैजनाथ गौतम ने ‘मिलन’ संस्था के माध्यम से शहर की साहित्यिक गतिविधियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनके प्रयासों को सराहा। इस अवसर पर शरद चंद पालन, अभिजात कृष्ण त्रिपाठी, राजेश दुबे और पं. रुद्रदत्त दुबे सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठ पत्रकारों और विद्यार्थियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में उनके निधन को जबलपुर के बौद्धिक और सांस्कृतिक जगत के एक गौरवशाली अध्याय का समापन बताया।

06 15

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button