चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने वाले बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे, 4 आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में युवक से चाकू की नोक पर आईफोन, नकदी और कार की चाबी लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी और उसके तीन नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन, कार की चाबी, वारदात में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 सुश्री अंजना तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयन मिश्रा के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
घूमने निकले युवक को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, ग्वारीघाट निवासी सर्वम नामदेव (26) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 30 मई की रात अपनी महिला मित्र के साथ मंडला बायपास क्षेत्र में कार से घूमने गया था। तड़के करीब 4:30 बजे चार युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और चाकू दिखाकर उसका आईफोन, 3 हजार रुपये नकद तथा कार की चाबी छीनकर फरार हो गए।
50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कंट्रोल रूम, स्मार्ट सिटी और आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल का नंबर सामने आया। इसके बाद साइबर सेल की मदद से लूटे गए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, जो बिलहरी क्षेत्र में मिली।
बिलहरी से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बिलहरी निवासी कृष उर्फ बाबूसमुन (19 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत का आईफोन, कार की चाबी, चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
मामले के खुलासे में निरीक्षक निलेश दोहरे, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सहित बरगी थाना एवं अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
बरगी पुलिस की त्वरित कार्रवाई
24 घंटे के भीतर लूट का खुलासा एक आरोपी और तीन नाबालिग हिरासत में आईफोन, नकदी, चाबी और चाकू बरामद सीसीटीवी और साइबर ट्रैकिंग से मिली सफलता पुलिस टीम को मिली सराहना







