जल प्रलय :दिल्ली में 10 हजार लोगों का रेस्क्यू
पंजाब के 1400 गांवों में बाढ़, अब तक 30 की मौत; हरियाणा में 200 स्कूल बंद

पठानकोट/मंडी/गुरुग्राम/दिल्ली,ईएमएस। दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान (205 मीटर) के ऊपर 206 मीटर पर बह रही है। वजह है कि हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। दिल्ली में निचले इलाकों से 10 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। कई इलाकों में घुटने से ऊपर तक पानी भरा है। स्कूलों को ऑनलाइन क्लास के आदेश हैं। हरियाणा में झज्जर, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला समेत अन्य जिलों के 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं।
उत्तर प्रदेश के 20 शहरों में तेज बारिश से हालात बिगड़े हैं। नोएडा (गौतमबुद्धनगर) में जगह-जगह पानी भरा हुआ है। मथुरा में यमुना में बाढ़ है। बांके बिहारी मंदिर से यमुना का पानी केवल 400 मीटर दूर है। यहां 900 परिवार प्रभावित हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया है।
हिमाचल प्रदेश में 1300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। पिछले 24 घंटे में 8 लोगों की मकान गिरने और लैंडस्लाइड में मौत हुई। राज्य के 7 जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया है। वहीं, राजस्थान में दौसा के लालसोट में कच्चा बांध टूटने से जयपुर के 5 से ज्यादा गांव डूबे हैं।
पंजाब आपदा प्रभावित राज्य घोषित
पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे पंजाब को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है। इस समय प्रदेश के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 1200 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर के 324 गांवों पर पड़ा है। अमृतसर में 135, बरनाला में 134 और होशियारपुर में 119 गांव प्रभावित हुए हैं। 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं। इसी बीच प्रदेश के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने चेतावनी दी है कि नंगल इलाके में लगातार बारिश हो रही है, जिससे खड्डों और सतलुज के किनारे गांवों के बांध कमजोर हो गए हैं। उन्होंने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।







