300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, बच्चे और महिलाओं समेत 6 की मौत
हिमाचल के डलहौजी में दर्दनाक हादसा

डलहौजी,एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के डलहौजी में सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। ककीरा क्षेत्र में भारी बारिश के बीच एक इनोवा कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बच्चे, दो महिलाओं समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर सुबह करीब 3 बजे हुआ। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे, जो हिमाचल घूमने आए पर्यटक बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी पर्यटक गुजरात से आए थे और धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रहे थे। हादसे का शिकार हुई गाड़ी मंडी नंबर की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, बाद में गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया। मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। राहत कार्य पूरा कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, विजय सकलानी ने भी घटना की पुष्टि की है।
प्रशासन के अनुसार, मृतकों में पांच लोग गुजरात के रहने वाले थे, जबकि चालक मंडी जिले का निवासी था। सबसे दुखद बात यह है कि हादसे में एक ही परिवार के कई लोगों की जान चली गई, जिनमें पति-पत्नी, बेटा और बहू भी शामिल हैं।







