जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग : 24 घंटे में 2.75 इंच बरसे बादल, बरगी डैम के खुले पांच गेट

पानी की भारी आवक के कारण नर्मदा नदी उफान पर

जबलपुर,यशभारत। जिले में मानसून एक बार फिर पूरी रंगत में लौट आया है। बीते 24 घंटों में शहर में 2.78 इंच (70.6 मिमी) झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे इस सीजन की कुल वर्षा का आंकड़ा बढ़कर 27.50 इंच (698.4 मिमी) पर पहुंच गया है। मौसम विज्ञान कार्यालय के अनुसार आज न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। वहीं हवा में नमी (आद्रता) का स्तर 96% रहा। तुलनात्मक रूप से, गत वर्ष आज ही के दिन 0.89 इंच बारिश हुई थी और कुल वर्षा 41.32 इंच दर्ज की गई थी।

शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कैचमेंट एरिया (जलग्रहण क्षेत्र) में पानी की भारी आवक के कारण नर्मदा नदी उफान पर है। इससे नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध का जलस्तर अपने अधिकतम भराव स्तर 422.76 मीटर के बेहद करीब 422.35 मीटर तक पहुंच गया है। वर्तमान में बांध के कैचमेंट एरिया से 973 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड पानी की आवक बनी हुई है।

डैम लगभग पूरे भरने की स्थिति में आ गया है, जिसे देखते हुए प्रबंधन ने जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बरगी बांध के 5 गेटों को 1.5 मीटर तक खोल दिया है। इन गेटों के माध्यम से 1130 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पावर हाउस से 195, राइट बैंक कैनाल से 15 और लेफ्ट बैंक कैनाल से 12 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड पानी निकाला जा रहा है। इस तरह बांध से कुल 1325 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड पानी की निकासी की जा रही है। कुछ दिन पहले ही डैम के गेट बंद किए गए थे, लेकिन बारिश का नया दौर शुरू होने से दोबारा निकासी शुरू करनी पड़ी है। प्रशासन ने नर्मदा तटीय क्षेत्रों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button