देश

अभिनंदन ने छोड़ी वायुसेना,पाकिस्तान को सबक सिखाने वाले अभिनंदन की नई पारी

अब उड़ाएंगे कमर्शियल प्लेन

नई दिल्ली। पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को मिग-21 बाइसन से मार गिराकर देशभर में चर्चा में आए ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना से विदाई ले ली है। करीब 22 वर्ष की सेवा के बाद उन्होंने मार्च 2026 में प्रीमेच्योर रिटायरमेंट लिया। अब वे विमानन क्षेत्र में अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। अभिनंदन जल्द ही क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई91 से जुड़ेंगे और कमर्शियल विमान के पायलट के रूप में नजर आएंगे। कंपनी ने भी उनके एयरलाइन से जुड़ने की पुष्टि की है। इसके साथ ही देश की रक्षा सेवा में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनंदन अब आम यात्रियों को लेकर उड़ान भरते दिखाई देंगे।

2019 में पाकिस्तान में गूंजा था नाम

27 फरवरी 2019 को भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान अभिनंदन ने मिग-21 बाइसन से पाकिस्तान के एफ-16 को निशाना बनाया था। इसी कार्रवाई के दौरान उनका विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उन्होंने इजेक्ट कर पैराशूट से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में लैंड किया। पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें हिरासत में ले लिया था, लेकिन भारत के कड़े रुख के बाद उन्हें वापस भारत को सौंपना पड़ा।

2021 में बने थे ग्रुप कैप्टन

उस समय अभिनंदन श्रीनगर स्थित 51वीं स्क्वाड्रन में विंग कमांडर के रूप में तैनात थे। बाद में सुरक्षा कारणों से उनकी पोस्टिंग राजस्थान के सूरतगढ़ एयरबेस में की गई, जहां उन्होंने दोबारा मिग-21 उड़ाया। नवंबर 2021 में उन्हें ग्रुप कैप्टन के पद पर पदोन्नति मिली। अब वायुसेना की वर्दी छोड़कर अभिनंदन नागरिक विमानन में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। फ्लाई91 फिलहाल गोवा, हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, कोच्चि, अगत्ती और हुबली सहित विभिन्न क्षेत्रीय गंतव्यों के बीच उड़ानें संचालित करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button