कढ़ाई का खौलता तेल डालकर महिला की हत्या -घर के सामने अतिक्रमण को लेकर हुआ था रिश्तेदारों से विवाद, दो आरोपी गिरफ्तार

कढ़ाई का खौलता तेल डालकर महिला की हत्या
-घर के सामने अतिक्रमण को लेकर हुआ था रिश्तेदारों से विवाद, दो आरोपी गिरफ्तार
-एक आरोपी चालीस फीसदी गर्म तेल में झुलसा, अस्पताल में भर्ती
भोपाल, यशभारत।
गोविंदपुरा इलाके में रविवार को दो रिश्तेदारों में घर के सामने अतिक्रमण को लेकर हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई थी, इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने अपने घर में कढ़ाई का खौलता तेल एक महिला के ऊपर डाल दिया था। जिससे महिला सत्तर फीसदी झुलस गई थी, वहीं तेज डालने वाला युवक भी चालीस फीसदी झुलस गया था। घटना के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर बीती रात महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पहले ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था, अब महिला की मौत के बाद हत्या की धारा में इजाफा किया जाएगा। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि अन्ना नगर निवासी कांति बाई पति मुकेश प्रजापति(40) गृहणी थी। रविवार को उसका अपने रिश्तेदार कमलेश प्रजापति, विनीत एक नाबालिग से घर के सामने अतिक्रमण को लेकर कहासुनी हुई थी, इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट होने लगी। इसी बीच विनीत ने अपने घर में रखा कढ़ाई का खौलता तेल उठाया और कांति बाई के ऊपर डाल दिया। इस दौरान गर्म तेल विनीत के ऊपर भी गिरा। इस घटना में कांति बाई गर्म तेल में 70 फीसदी और विनीत करीब 40 फीसदी झुलस गए थे। इसके बाद दोनों के परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विनीत, कमलेश और एक नाबालिग के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। इसी बीच बीती रात अस्पताल में भर्ती कांति बाई की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी विनीत का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कमलेश व नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। अब महिला की मौत के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







