भोपाल पुलिस ने एक दिन में 701 हेलमेट के चालन काटे, रु1.92 लाख समन शुक्ल वसूला

भोपाल पुलिस ने एक दिन में 701 हेलमेट के चालन काटे, रु1.92 लाख समन शुक्ल वसूला
भोपाल, यशभारत। भोपाल पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठी सवारियों द्वारा हेलमेट पहनने की अनिवार्यता को लेकर चलाए गए 15 दिवसीय जागरूकता अभियान के बाद सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। अभियान समाप्त होने के अगले ही दिन, गुरुवार 06 नवंबर को शहर के 18 स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 701 चालान काटे गए और रुपये 1,92,400 का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात डीसीपी जितेन्द्र सिंह पवार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 22 अक्टूबर से 05 नवंबर 2025 तक शहर के शैक्षणिक संस्थानों और प्रमुख चौराहों पर हेलमेट पहनने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए थे। सख्ती की यह कार्रवाई विशेष रूप से पीछे बैठी सवारी (पिलियन राइडर) के हेलमेट नहीं पहनने पर केंद्रित थी। गुरुवार को एसीपी के पर्यवेक्षण में चार जोन क्षेत्र के 18 स्थानों पर हुई चेकिंग में काटे गए कुल 701 चालानों में से 156 चालान ऐसे थे जो दोपहिया वाहन की पीछे बैठी सवारी द्वारा हेलमेट धारण न करने पर बनाए गए।







