भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

शासकीय कन्या महाविद्यालय छात्रावास कांड: खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई और कलेक्टर की उच्चस्तरीय बैठक आज

शासकीय कन्या महाविद्यालय छात्रावास कांड: खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई और कलेक्टर की उच्चस्तरीय बैठक आज

भोपाल, यशभारत। पंचशील नगर स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय के छात्रावास में भोजन के भीतर इल्ली मिलने की गंभीर घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस लापरवाही के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को छात्रावास का औचक निरीक्षण किया और रसोई से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 7 नमूने जांच के लिए सुरक्षित संकलित किए हैं। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सिर्फ खाना नहीं, अन्य व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल

निरक्षण के दौरान छात्राओं ने अधिकारियों के सामने हॉस्टल की अन्य बदहाल व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी। छात्राओं ने प्रमुख रूप से इन समस्याओं को उठाया:

पेयजल संकट: हॉस्टल में मिलने वाले पीने की पानी की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए गए।
साफ-सफाई का अभाव: कमरों और परिसर की नियमित सफाई न होने से छात्राओं को हो रही परेशानियों से अवगत कराया गया।
स्टाफ का अवांछित रवैया: छात्रावास के चौकीदारों और अन्य कर्मचारियों के संवाद व व्यवहार को लेकर भी कड़ी शिकायतें दर्ज कराई गईं।

कलेक्टर की अध्यक्षता में आज होगी उच्चस्तरीय बैठक

मामले की गंभीरता को देखते हुए आज 12 अक्टूबर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें आदिवासी कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य को भी विशेष रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने वॉर्डन मनीषा चौधरी को रसोईघर की नियमित साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और भोजन की गुणवत्ता में किसी भी तरह की कोताही न बरतने की सख्त हिदायत दी है।
प्रशासन की यह सक्रियता कागजी खानापूर्ति तक सीमित रहती है या बेटियों की सेहत और सुरक्षा को लेकर कोई ठोस नीतिगत कदम उठाए जाते हैं, यह आने वाली जांच रिपोर्ट और बैठकों के निर्णयों के बाद ही साफ हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button