
जबलपुर, यश भारत। बिहार के खगड़िया जिले में एक दुखद घटना घटी। एक किशोर निखिल कुमार ने आईफोन की जिद पूरी न होने पर आत्महत्या कर ली। निखिल के पिता मजदूरी करते हैं और आईफोन दिलाने में असमर्थ थे। इससे नाराज होकर निखिल ने मुर्गा फार्म में फांसी लगा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले से एक हैरान करने वाला दुखद मामला सामने आया है। यहां एक किशोर ने आईफोन न मिलने पर आत्महत्या कर ली। मामला मानसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव का है। मृतक किशोर की पहचान निखिल कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह पिछले कई दिनों से अपने पिता से एक iPhone दिलाने की मांग कर रहा था। लेकिन उसके पिता पंकज कुमार सिंह मजदूर हैं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आईफोन नहीं दिला पाए।
मुर्गा फार्म में लगाई फांसी
शनिवार की रात निखिल ने गांव के पास बने एक मुर्गा फार्म में गमछे से फांसी लगा ली। रविवार सुबह परिवार वालों को इस घटना की जानकारी मिली। उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निखिल इंटर का छात्र था और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था।







