मंडला की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘समर’ : थिएटर के बाद यूट्यूब पर

मंडला lमंडला के कलाकारों और युवाओं के जुनून से बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘समर’ अब थिएटर के बाद यूट्यूब पर भी दस्तक दे रही है।
लॉकडाउन के समय युवाओं की अथक मेहनत, सीमित संसाधनों और स्थानीय प्रतिभाओं के समर्पण से बनी फिल्म समर जब किंगफिशर मल्टीप्लेक्स में पहली बार बड़े पर्दे पर प्रदर्शित की गई, तब दर्शकों ने फिल्म को बेहद सराहा ,थिएटर में तालियाँ बजीं और लोगों ने इसे मंडला के युवाओं की बड़ी कामयाबी बताया। दर्शकों की तालियों और उल्लास ने यह साबित कर दिया कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि मंडला के स्वाभिमान और सपनों की उड़ान है।
समर फिल्म के लेखक, निर्देशक और अभिनेता आयुष उपाध्याय के साथ गार्गी मोदी, दिविता सीरवानी, संजू नंदा, मधुरेश ज्योतिषी, सौरभ नंदा जैसे मंडला के कलाकारों ने बेहतरीन अभिनय किया है।
फिल्म का संगीत भी पूरी तरह स्थानीय कलाकारों ने तैयार किया है, जिसमें जॉय अर्नेस्ट, सार्थक चौबे, विवेक क्षत्री और अमान खान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
एक्शन-ड्रामा से भरपूर यह फिल्म अब यूट्यूब पर उपलब्ध है, जिससे वे दर्शक भी इसे देख सकेंगे जो थिएटर तक नहीं पहुंच पाए थे। यह फिल्म यूट्यूब पर U9 Films नामक चैनल पर उपलब्ध है ।
‘समर’ यह साबित करती है कि सपने पूरे करने के लिए बड़े शहरों की नहीं, बड़े सपनों कि जरूरत होती है







