जिला अस्पताल विक्टोरिया के लिए बड़ी उपलब्धि, रेटिना की बीमारियों को पता लगाने में अब नहीं होगी कठनाई, 70 लाख की लागत से लगी OCT मशीन

जबलपुर: सेठ गोविंद दास जिला चिकित्सालय, जबलपुर ने आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। लगभग 70 लाख रुपये की लागत वाली अत्याधुनिक ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (OCT) मशीन का विधिवत लोकार्पण उत्तर-मध्य क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा और सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. नवीन कोठारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अत्याधुनिक OCT मशीन के लोकार्पण के बाद अब जिला अस्पताल विक्टोरिया के नेत्र रोग विभाग में आंखों से जुड़ी जटिल बीमारियों का उपचार भी संभव हो सकेगा। यह मशीन विशेष रूप से रेटिना से संबंधित बीमारियों जैसे मधुमेह के कारण रेटिना खराब होना, परदे में छेद या सूजन, और कांचियाबिंद (ग्लूकोमा) के निदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नेत्र रोग विशेषज्ञ और प्रभारी नेत्र रोग विभाग, डॉ. तरुण अहरवाल ने बताया कि इस मशीन के अभाव में रेटिना से संबंधित बीमारियों का पता लगाना मुश्किल होता था, जिसके कारण मरीजों को अक्सर मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ता था। OCT मशीन के शुरू होने से अब मरीजों को रेफर करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे उन्हें जिला अस्पताल में ही विशेषज्ञ जांच और उपचार मिल सकेगा। डॉ. अहरवाल के अनुसार, विभाग में प्रतिदिन 4-5 ऐसे मरीज आते हैं जिन्हें OCT जांच की आवश्यकता होती है।
यह उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश का यह पहला जिला अस्पताल है जहाँ OCT मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन के माध्यम से नेत्र रोगियों को रेटिना की एडवांस जांच निःशुल्क उपलब्ध होगी और नेत्र रोगों की सटीक जानकारी मिलेगी। यह मशीन पीजी डिप्लोमा कोर्स (आप्थाल्मालॉजी) के प्रायोगिक ज्ञान के लिए भी सहायक होगी। इस मशीन के लिए पिछले दो वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे, जिसके बाद यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है।
विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने इस उपलब्धि के लिए जिले की जनता को बधाई दी और नेत्र रोग से पीड़ित लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।
इस लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर नेत्र रोग विभाग प्रभारी डॉ. तरुण अहरवाल, डॉ. अमिता जैन, डॉ. संजय जैन, डॉ. सगरिया, डॉ. शलभ आम्रवंशी, डॉ. उषा दत्त, डॉ. शलभ अग्रवाल, डॉ. शिशिर गर्ग, डॉ. संदीप भगत, डॉ. आलोक श्रीवास्तव, जिला मीडिया अधिकारी श्री अजय कुरील, डॉ. रत्नेश नामदेव, अस्पताल प्रबंधक अरुण शाह, श्री लालू यादव, मनोज सिंह, वीरेंद्र चंदेल, शिव प्रसाद बाथरे, विनीता सोनी, अनिता तेकाम, सत्येंद्र राजपूत, डोलरस जैकब, पदमा गजभिये, संगीता चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्टाफ उपस्थित रहा।







