पत्नी की हत्या कर शव खेत में दफनाकर चला दिया ट्रैक्टर : उत्तर प्रदेश से पुलिस ने 20 हजार के इनामी आरोपी को दबोचा
रीवा lजिले के सोहागी थाना क्षेत्र में करीब 9 माह पहले पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देवमुनि मांझी, जिसने अपनी पत्नी को कीटनाशक दवा खिलाकर मौत के घाट उतारा था और शव को खेत में गाड़कर अपनी पुत्री के साथ फरार हो गया था, अब पुलिस की गिरफ्त में है।
यह कार्रवाई रीवा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के निर्देशन और एसडीओपी त्योंथर उदित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार, आरोपी देवमुनि माझी पिता मैकूलाल माझी (उम्र 59 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, त्योंथर थाना सोहागी, हत्या के बाद लगातार फरार था। पुलिस ने उसकी लगातार तलाश की और डीआईजी रीवा द्वारा उस पर ₹20,000 का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के घूरपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि हत्या के बाद उसने शव को खेत में नाले के पास मिट्टी में गाड़ दिया था और ट्रैक्टर से खेत जोतकर शव को छिपा दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस सफल गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक पवन शुक्ला, उपनिरीक्षक संजीव शर्मा, आरक्षक विशाल सिंह, हिमालय यादव व महिला आरक्षक दीपा भिलाला की प्रमुख भूमिका रही।







