संपर्क अभियान 2026 में बिजली उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत 772 शिविरों में 34 हजार से अधिक शिकायतों का मौके पर समाधान

संपर्क अभियान 2026 में बिजली उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत
772 शिविरों में 34 हजार से अधिक शिकायतों का मौके पर समाधान
भोपाल यश भारत। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चलाए जा रहे संपर्क अभियान 2026 को व्यापक सफलता मिली है। 14 मई से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत भोपाल और ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में 772 शिविर लगाए गए जिनमें 34 हजार 702 उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। अभियान के दौरान बिजली बिलों में त्रुटि मीटर रीडिंग वोल्टेज समस्या ट्रांसफार्मर खराबी स्मार्ट मीटर शिकायतों सहित विभिन्न समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। इसके अलावा उपभोक्ताओं को भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, अस्थायी कनेक्शन, ई केवायसी और एनओसी जैसी सेवाएं भी शिविरों में उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीण घरेलू और कृषि पंप कनेक्शन मात्र पांच रुपये में प्रदान किए गए। भोपाल रीजन में शहर वृत्त भोपाल, नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल सहित विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने शिविरों का लाभ उठाया। वहीं ग्वालियर रीजन में मुरैना, शिवपुरी, दतिया और ग्वालियर शहर वृत्त में भी हजारों शिकायतों का समाधान किया गया। अभियान के दौरान कई सकारात्मक उदाहरण भी सामने आए। हरदा जिले के ग्राम सुखरास निवासी किसान नितिन गुर्जर ने अधिक बिजली बिल की शिकायत दर्ज कराई थी। विभागीय जांच में वास्तविक लोड कम पाए जाने पर कंपनी ने तत्काल बिल में सुधार कर संशोधित बिल जारी किया। वहीं ग्वालियर के जामदार खाना क्षेत्र में आयोजित शिविर में उपभोक्ता महेश गुप्ता के कनेक्शन की भार वृद्धि को मौके पर ही स्वीकृति देकर लाभ पहुंचाया गया। बिजली कंपनी का कहना है कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके क्षेत्र में ही त्वरित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।







