न्यूक्लियर ठिकानों पर अमेरिकी हमले से भड़के ईरान का इजरायल पर जवाबी हमला, 10 शहरों में मिसाइलों की बारिश

ईरान और इजरायल के बीच जारी जंग में अब अमेरिका भी खुलकर शामिल हो गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान की तीन बड़ी परमाणु साइट्स – फोर्डो, नतांज और इस्फहान – पर सफलतापूर्वक हवाई हमला किया है. ट्रंप के मुताबिक, लड़ाकू विमानों ने फोर्डो को प्रमुख रूप से निशाना बनाते हुए बमबारी की और अब सभी विमान सुरक्षित लौट चुके हैं. उन्होंने इसे अमेरिका की सैन्य ताकत की मिसाल बताया और कहा कि अब शांति का समय है. यह हमला ऐसे वक्त में हुआ जब ईरान का परमाणु कार्यक्रम इजरायल के सामने चिंता का विषय बना हुआ है.
इजरायली शहरों पर भड़का ईरान का गुस्सा, 10 से ज्यादा शहरों पर दागी मिसाइलें
ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका के हमले के बाद तेहरान भड़का हुआ है. ईरान ने इजरायल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते करते हुए 10 से ज्यादा शहरों पर मिसाइलें दागी हैं. इन शहरों में राजधानी तेल अवीव और हाइफा जैसे शहर भी हैं.
उत्तरी इजरायल में लगातार बज रहे सायरन, बॉम्ब शेल्टर्स में शिफ्ट हो रहे लोग
ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने इजरायल के कुछ शहरों में मिसाइलें दागी हैं. इजरायल के कई शहरों में इस समय लगातार सायरन की आवाजें सुनाई दे रही हैं. लोग लगातार बॉम्ब शेल्टर्स में पनाह ले रहे हैं.
इजरायल के कई शहरों में तेज धमाके, तेल अवीव में सुनी गई ब्लास्ट की आवाज
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने इजरायल पर हमले तेज कर दिए हैं. इजरायल के कई शहरों में तेज धमाकों की आवाज सुनी गई है. तेल अवीव जैसे प्रमुख शहरों में लगातार लोगों को अलर्ट भेजकर सुरक्षित जगहों पर पनाह लेने के लिए कहा जा रहा है और ब्लास्ट की आवाज सुनाई दे रही है.







