बड़नगर में भीषण सड़क हादसा: दमकल की गाड़ी ने 6 को कुचला, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत

: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आग बुझाने जा रही एक तेज रफ्तार फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने 6 लोगों को कुचल दिया, जिसमें पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बड़नगर हाईवे पर बरगुंडासेरी रोड पर गुरुवार दोपहर नगर पालिका के फायर स्टेशन को आग लगने की सूचना मिली थी। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी तेज गति से मौके की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसने पहले एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद, अनियंत्रित गाड़ी पलट गई और घिसटती चली गई, जिसकी चपेट में 5 अन्य लोग आ गए।
हादसे में गंभीर रूप से घायल दो वर्षीय आवेश और उसके पिता जितेंद्र सिंह (50) को तत्काल उज्जैन के चरक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में कुल तीन लोग शामिल हैं। वहीं, संतोष, महिला उजाला सिंह और तीन वर्षीय तनीषा का इलाज बड़नगर के स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।हादसे के बाद बड़नगर नगर पालिका अध्यक्ष अभय टोंगिया ने मृतकों के परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही, घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन भी दिया गया है। राहत कार्यों के लिए जेसीबी मशीन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त फायर ब्रिगेड की गाड़ी को सड़क से हटाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







