देश

कैबिनेट अहम निर्णय:मंत्रियों को मिला तबादलों का अधिकार, 17 जगहों पर शराबबंदी को मंजूरी

इंदौर। मध्य प्रदेश में मोहन कैबिनेट की बैठक (MP Cabinet Decision) खत्म हो गई है। अहिल्या नगरी महेश्वर में आज कई अहम फैसले लिए गए। सीएम डॉ. मोहन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि उज्जैन, ओम्कारेश्वर समेत 17 धार्मिक स्थलों में शराबबंदी का निर्णय लिया गया है। साथ ही मंत्रियों को अपने विभाग में तबादले का अधिकार मिल गया है।

डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय को दी जाएगी 25 करोड़ रुपए की राशि

बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए, जिनमें से सबसे खास रहा डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय को 25 करोड़ रुपए की राशि प्रदान करने का फैसला। इस राशि का उपयोग विश्वविद्यालय में विधि संकाय को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने महू को अंबेडकर की जन्मस्थली बताते हुए इसे शिक्षा और कानून के क्षेत्र में आदर्श बनाने का लक्ष्य रखा।

17 धार्मिक स्थलों में शराब दुकानें बंद

शराबबंदी की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए, सरकार ने 17 धार्मिक स्थलों और नगर परिषद क्षेत्रों में शराब की सभी दुकानें बंद करने का निर्णय लिया है। इनमें उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मैहर और अमरकंटक जैसे प्रमुख धार्मिक स्थान शामिल हैं। इसके साथ ही, नर्मदा नदी के किनारे 5 किलोमीटर के दायरे में शराबबंदी की नीति को सख्ती से लागू रखने का फैसला किया गया।

किसानों को बड़ी राहत

किसानों को राहत देते हुए सरकार ने अस्थायी पंप धारकों को 5 से 7 हॉर्स पावर के सोलर पंप उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस योजना के तहत किसानों को बिजली पर निर्भरता खत्म कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। सरकार ने इस योजना को जल्द ही 30 लाख स्थायी कनेक्शन धारकों तक पहुंचाने की बात कही है।

महिला सशक्तीकरण के लिए भी बड़े फैसले

महिला सशक्तीकरण के लिए भी बड़े फैसले लिए गए। ‘वूमन लीड डेवलपमेंट मिशन’ के तहत महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी गई है। इसमें महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा के लिए नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। इसके अलावा, बालिकाओं की शिक्षा में वृद्धि और बाल विवाह रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाने की योजना बनाई गई है।

भोपाल में नए पुल को मंजूरी

भोपाल के लिए 180 करोड़ की लागत से नया पुल बनाने की मंजूरी दी गई। यह पुल ट्रैफिक की समस्याओं को हल करेगा और शहर को नई दिशा देगा। इसके साथ ही, ग्रीन कॉरिडोर के सफल संचालन के बाद, राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में PM मोदी की उपस्थिति तय

24 और 25 तारीख को भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होने जा रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया है। इस समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति भी तय है।

 

महेश्वर के ऐतिहासिक किले में कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल ने प्रदेश के विकास के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक नीतियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। यह किला अहिल्या माता की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। बैठक की शुरुआत नर्मदा पूजन और अहिल्या माता की राजगद्दी को नमन करने के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की गौरवशाली परंपरा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का प्रयास बताया।

 

मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के धार्मिक और पवित्र नगरों में शराब की दुकानों को पूरी तरह बंद करने का ऐलान किया है। इस फैसले के तहत शराब की दुकानों को न केवल बंद किया जाएगा, बल्कि उन्हें अन्य स्थानों पर भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। यह निर्णय स्थायी रूप से लागू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button