गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मातम: बिजली के तार की चपेट में आने से किशोर की मौत

सागर, यशभारत l जिले के बीना अंतर्गत ग्राम परसोरा में गणेश चतुर्थी की तैयारियों के बीच सोमवार रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। पंडाल तैयार करते समय 17 वर्षीय किशोर बिजली के चालू तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही स्थिति गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।

उत्सव की खुशियां मातम में बदलीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसोरा निवासी विक्रम अहिरवार (17) सोमवार रात अपने साथियों के साथ गणेश पंडाल के निर्माण और सजावट के कार्य में जुटा हुआ था। इसी दौरान वह वहां से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। करंट का तेज झटका लगते ही विक्रम जमीन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी तुरंत उसे इलाज के लिए बीना के सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा ने बताया कि विक्रम हर साल गणेश उत्सव में बड़े उत्साह के साथ भाग लेता था। किसी ने नहीं सोचा था कि त्योहार की यह तैयारी परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ देगी।
पुलिस ने शुरू की जांच, सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने सार्वजनिक आयोजनों के दौरान बिजली सजावट और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







