जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, मचा हड़कंप
सिहोरा की घटना

जबलपुर यशभारत। जमीन विवाद से परेशान एक महिला आज सिहोरा क्षेत्र वार्ड नंबर 4 में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया तथा महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय सोनम मल्लाह का आरोप है कि उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया गया है और लंबे समय से शिकायतों के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला। नाराज महिला अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ी महिला को देखकर आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए महिला को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों एवं स्थानीय प्रशासन ने महिला से बातचीत कर उसकी समस्याएं सुनीं तथा उचित जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर तक चले समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रही। घटना के चलते क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा रही और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत एवं जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी। फिलहाल महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना ने एक बार फिर भूमि विवादों के समाधान में हो रही देरी और लोगों की बढ़ती नाराजगी को उजागर कर दिया है।






