मोबाइल चोरी के शक में 8 साल के बच्चे को बंधक बनाकर मारपीट का आरोप : वीडियो सामने आने के बाद मचा हड़कंप

सतना/ चित्रकूट यश भारत। सतना जिले के चित्रकूट स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुप्त गोदावरी में मोबाइल चोरी के संदेह में 8 वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्रकरण पहले ही दर्ज किया जा चुका है और अब वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
मोबाइल दुकान में ले जाने का आरोप
पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत के मुताबिक, गुप्त गोदावरी क्षेत्र में राजेश पटेल की मोबाइल की दुकान है। आरोप है कि मोबाइल चोरी के शक में राजेश पटेल सहित तीन लोग बच्चे को दुकान के अंदर ले गए। वहां उसके कपड़े उतरवाकर हाथ-पैर बांधने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित के पिता का कहना है कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वे दुकान पहुंचे। उन्होंने दुकान का शटर उठाकर अंदर जाने की कोशिश की और इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया। आरोप है कि इसी दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
करंट लगाने और नाखून उखाड़ने का भी आरोप
बच्चे के पिता ने शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पूछताछ के दौरान बच्चे को कथित तौर पर करंट लगाया गया और उसके पैरों के नाखून तक उखाड़े गए। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चे के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस वीडियो फुटेज, शिकायत और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
3 सितंबर को दर्ज हुआ मामला
चित्रकूट पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में बच्चे के पिता की शिकायत पर 3 सितंबर को चित्रकूट थाने में मामला दर्ज किया गया था। एसडीओपी राजेश सिंह बंजारे के मुताबिक, प्रकरण में राजेश पटेल पिता भैरमदीन पटेल, रिंकू पटेल पिता हीरालाल पटेल और शिवाकांत पटेल पिता स्वर्गीय कमलेश पटेल, तीनों निवासी ग्राम टेढ़ी, थाना नयागांव, को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 325/26 दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
घटना से संबंधित वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। नाबालिग के साथ कथित मारपीट और उसके साथ किए गए व्यवहार को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







