3 से 4 फीसद बढ़ेगा मालभाड़ा, आम आदमी की जेब पर सीधा असर, डीजल महंगा होने के बाद ट्रांसपोर्टर्स को हो रही परेशानी

कटनी, यशभारत। पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी का असर अब दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच अब मालभाड़ा भी बढऩे वाला है। ट्रांसपोर्टर जल्द ही मालभाड़े में करीब 3 से 4 प्रतिशत की वृद्धि करने वाले हैं, इसका सीधा असर खाद्य पदार्थों पर पड़ेगा। सूत्रों के मुताबिक पेट्रोल और डीजल के दाम बढऩे का असर ट्रक भाड़े पर भी पड़ सकता है। ट्रांसपोर्टर जल्द ही ट्रक भाड़ा बढ़ा सकते हैं। बताया जाता है कि राजधानी भोपाल में आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के पदाधिकारियों ने माल भाड़ा बढ़ाने पर जोर दिया है, हालांकि कटनी में अभी नया भाड़ा लागू नहीं हुआ है लेकिन ऐसा बताया जा रहा है कि जल्द ही इसको लेकर निर्णय लिया जा सकता है। इससे खाने-पीने की चीजों के दामों में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है। हाल ही में डीजल के दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़े हैं, हालांकि यह बढ़ोतरी मामूली है, लेकिन ट्रांसपोर्टर पिछले कुछ समय से परिवहन लागत बढऩे और दूसरे बढ़े हुए खर्च का हवाला देकर भाड़ा बढ़ाने की तैयारी में हैं।
मालभाड़े को लेकर जल्द होगा निर्णय
ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष बी एम तिवारी ने यशभारत से बाचतीत करते हुए बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल के साथ ही डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी की है। इसके बाद प्रदेश सरकार द्वारा डीजल पर वेट टैक्स भी वसूला जा रहा है। इसको लेकर मालभाड़ा भी बढ़ाया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में इसको लेकर निर्णय हो जाएगा। 3 से 4 प्रतिशत तक मालभाड़े में वृद्धि होगी।
ग्राहकों पर ही पड़ेगा असर
ट्रांसपोर्ट नेटवर्क में डीजल सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। कपड़ा, बर्तन, फल, सब्जी, फल, किराना, दूध, डिब्बा बंद फूड, दवाएं आदि जरूरी सामान के ट्रक डीजल से ही चलते हैं। डीजल की कीमत बढऩे के बाद ट्रांसपोर्ट व्यापारियों को सामान भेजने के लिए पहले से अधिक खर्च करना पड़ रहा है। यह बोझ आखिरकार ग्राहकों पर ही आता है।







