मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी सौगात : 29.35 करोड़ के नवीन औद्योगिक क्षेत्र का होगा निर्माण

मंडला। अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के गरिमामयी अवसर पर भोपाल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन एवं सीधा प्रसारण एन.आई.सी. मण्डला में किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मण्डला जिले के नवीन औद्योगिक क्षेत्र मोहनिया पटपरा (क्षेत्रफल 27.02 हेक्टेयर, अनुमानित लागत 29.35 करोड़ का वर्चुअल भूमि पूजन कर जिले को एक बड़ी सौगात दी गई।
मण्डला जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने की इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति विशेष आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने मण्डला के सफल उद्यमियों से किया ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मण्डला जिले के सफल उद्यमियों और हितग्राहियों से सीधा ऑनलाइन संवाद कर उनके उद्यमों के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जिसमें जिला अध्यक्ष लघु उद्योग भारती श्री अनिल वीरानी, उपाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती एवं ओडीओपी इकाई संचालक श्री सुरेंद्र पमनानी, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2025 के लाभार्थी श्री अंकित अग्रवाल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना की हितग्राही श्रीमती आरती भांडे और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राही श्री निकेत सराफ से चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। एन.आई.सी. मण्डला में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार राठौर, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत मीना, एसडीएम, मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्री दिनेश कुमार मर्सकोले, सहायक संचालक श्री बलराम यादव, एल.यू.एन. श्री विकास सिंह सहित उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय उद्योगपति उपस्थित थे। इस नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से मण्डला जिले में स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।







