जबलपुर में चिकित्सा शिक्षा मंत्री का एक्शन: पीडब्ल्यूडी इंजीनियर को निलंबित करने के आदेश
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में न्यूरो के 100 बिस्तर बढ़ेंगे, एक माह में शुरू होगी नई व्यवस्था

जबलपुर, यशभारत। मध्यप्रदेश चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने नेताजी सुभाषचंद्र मेडिकल अस्पताल सहित सुपर स्पेशलिटी का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा शिक्षा मंत्री उस वक्त एक्शन मूड में नजर आए जब सुपर स्पेशलिटी भवन की दीवार कार्यों में अनियमितता दिखी। चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने डीन प्रदीप कसार को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्योंे में लापरवाही करने वाले पीडब्ल्यूडी इंजीनियर को तत्काल से निलंबित कर दिया जाए। साथ ही एक प्रस्ताव भोपाल इनके विभाग में भेजा जाए। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा मंत्री ने नई सौगात देते हुए न्यूरो विभाग में 100 बिस्तर बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह काम एक माह में पूरा हो जाएगा। अब यहां पहुंचने वाले मरीज और उनके परिजनों का परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, केंट विधायक अशोक रोहाणी, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे, आशीष दुबे अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मेडिकल अस्पताल और विवि के अधिकारी मौजूद थे।









