पत्नी को घुमाने के लिए शोरूम से उड़ाई 23 लाख की वर्टस, पुलिस ने ऐसे दबोचा

लग्जरी लाइफस्टाइल का शौक पड़ा भारीः पत्नी को घुमाने के लिए शोरूम से उड़ाई 23 लाख की वर्टस, पुलिस ने ऐसे दबोचा
भोपाल,यश भारत। महंगी गाड़ियों में घूमने और अपनी पत्नी के महंगे शौक पूरे करने की चाहत एक शोरूम कर्मचारी को जेल की सलाखों के पीछे ले आई। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित फॉक्सवैगन कार शोरूम में काम करने वाले एक कर्मचारी ने ही 23 लाख रुपये कीमत की लग्जरी कार पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस ने जब जीपीएस लोकेशन के आधार पर दबिश दी, तो चोरी की गई इस कार को आरोपी की पत्नी खुद ड्राइव करती हुई मिली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद पिछले एक साल से शोरूम में नौकरी कर रहा था। उसने शातिर तरीके से ग्राहक के नाम पर बुक हुई फॉक्सवैगन वर्टस जीटी कार को शोरूम से निकाला और लेकर चंपत हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब कंपनी ने अपने वाहनों के स्टॉक का मिलान किया और करीब 23 लाख रुपये की यह गाड़ी गायब मिली।
गाड़ी गायब मिलने पर शोरूम प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तकनीकी मदद लेते हुए कार में लगे जीपीएस को ट्रैक किया। लोकेशन आशिमा मॉल के पास मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां जो नजारा दिखा, उसने सबको चौंका दिया करोड़ों के सपनों वाली वह लग्जरी कार आरोपी की पत्नी चला रही थी। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर आरोपी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने पत्नी के महंगे शौक पूरे करने के लिए इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है।







