व्यापारी की कार से 2 किलो सोना और 4 लाख चोरी, दो हिरासत में

व्यापारी की कार से 2 किलो सोना और 4 लाख चोरी, दो हिरासत में
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशातपुरा पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने बीते 6-7 अक्टूबर की दरमियानी रात को एक सोने के कारोबारी की कार से करीब दो किलो सोना और चार लाख रुपये नकद चोरी किए थे।
मिली जानकारी के अनुसार भोपाल के रहने वाले सोने के व्यापारी रामबाबू राठौर 6-7 अक्टूबर की रात भोपाल से बैरसिया जा रहे थे। उनके पास कार में रखे बैग में दो किलो सोना और नकदी चार लाख रुपये मौजूद थे। रास्ते में उन्होंने एक ढाबे पर रुककर खाना खाया और शराब पी। शराब के नशे में वह इतने बेसुध हो गए कि कार की बजाय बाहर ही सो गए। जब उनकी नींद खुली और उन्होंने कार में जाकर देखा, तो सोने और नकदी से भरा बैग गायब था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार व्यापारी की शिकायत के बाद पुलिस ने फौरन जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों का संभावित रूट मैप तैयार किया, इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिरों को सक्रिय किया। मुखबिरों से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि आज पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा, जिसमें चोरी गया सोना और नकदी बरामद होने की संभावना है।







