15 वर्षों की जनसंघर्ष के बाद स्लीमनाबाद को मिली रेल ठहराव की सौगात
जन आंदोलन के बाद रीवा–इतवारी एक्सप्रेस का स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित, 16 मई को होगा पहला स्टॉप

15 वर्षों की जनसंघर्ष के बाद स्लीमनाबाद को मिली रेल ठहराव की सौगात
जन आंदोलन के बाद रीवा–इतवारी एक्सप्रेस का स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित, 16 मई को होगा पहला स्टॉप
कटनी,स्लीमनाबाद यशभारत।
स्लीमनाबाद क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही रेल ठहराव की मांग आखिरकार अब पूरी होने की दिशा में पहुंच गई है। करीब 15 वर्षों से लगातार की जा रही मांग, ज्ञापनों और हालिया जन आंदोलन के बाद रेलवे प्रशासन ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी प्रदान की है।
ग्राम विकास संघर्ष समिति स्लीमनाबाद के नेतृत्व में क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा वर्षों से रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सांसदों को आवेदन और ज्ञापन सौंपे जा रहे थे। लेकिन जब लंबे समय तक कोई ठोस परिणाम नहीं मिला, तब क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर आंदोलन का रास्ता अपनाया। इस जनआंदोलन के बाद रेलवे विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
आंदोलन के बाद रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा गया, जिसमें प्रमुख रूप से रीवा–इतवारी–रीवा मार्ग पर चलने वाली गाड़ी संख्या 11753/11754 शामिल है। अब इस ट्रेन का स्लीमनाबाद स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कर दिया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दिनांक 16 मई 2026 को सायं 19:50 बजे गाड़ी संख्या 11754 रीवा–इतवारी एक्सप्रेस का स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रथम ठहराव होगा। इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए स्टेशन पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
ग्राम विकास संघर्ष समिति ने सभी क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा है कि यह सफलता जनता की एकता, संघर्ष और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इस निर्णय से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।






