ओएफके स्टेडियम के पास पकड़ा गया गांजा तस्कर, रंगनाथ नगर पुलिस ने गश्त के दौरान की कार्रवाई, 2 किलो 918 ग्राम गांजा बरामद

कटनी, यशभारत। रंगनाथ नगर पुलिस ने बीती रात गश्त के दौरान मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 918 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 60 हजार रूपए आंकी गई है। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरूणपाल सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा नशे के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत जिले को नशा मुक्त एंव अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहे है। बताया जाता है कि ओएफके स्टेडियम के सामने आम रोड पर जब पुलिस गश्त कर रही थी, उसी समय एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया और जब उसकी तलाशी ली तो पिट्ठू बैग से 2 किलो 918 ग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी रोहित कोल पिता अशोक कोल निवासी ग्राम पतरोई पहरूआ सिहोरा के विरूद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
गांजा तस्करी करते दो आरोपी कुठला पुलिस की गिरफ्त में, 11 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद
कुठला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्र ने बताया कि समाज को नशामुक्त बनाने व अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। जिस पर कुठला पुलिस को सेडो एरिया में चेकिंग के दौरान दो आरोपियों से 11 किलो 116 ग्राम गांजा जप्त करने में सफलता मिली है। बताया जाता है कि पुलिस द्वारा क्षेत्र में भ्रमण एवं शैडो एरिया की चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान लमतरा ओवर ब्रिज के आगे कच्चे रोड में दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पिट्ठू बैग लिये पैदल जाते दिखाई दिये। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की। जिन्होंने अपने नाम कुलदीप गुप्ता निवासी साऊथ सिविल लाईन नवयुग कालेज के सामने जबलपुर एवं आशीष साहू निवासी गोसलपुर का होना बताया। बैग की तलाशी ली गई, जिसमें सफेद सेलो टेप से लिपटे 7 पैकेट बरामद हुए। पैकेटों को खोलकर देखने पर उनमें गांजा मिला। जिसकी तौल पर 11 किलो 116 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई। आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस के तहत अपराध अपराध पंजीबद्ध किया गया तथा माननीय न्यायालय पेश करने पर दोनो आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।







