मध्य प्रदेशराज्य

सिवनी पहुंचे पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल : अटल सुशासन जनपद पंचायत भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में हुए शामिल

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल रविवार को सिवनी दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने अटल सुशासन जनपद पंचायत भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाग लिया। यह कार्यक्रम ग्राम सिमरिया एवं घंसौर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक और सुव्यवस्थित त्रिस्तरीय पंचायत भवनों की आधारशिला रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 106 अटल सुशासन भवन और 2500 अटल ग्राम सेवा सदनों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति और पारदर्शिता आएगी।

सिवनी में लगभग 5 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए बैठने की व्यवस्था, अत्याधुनिक मीटिंग हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष और रिकॉर्ड रूम बनाए जाएंगे, जिससे कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी हो सकेगी।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। आने वाले 2-3 वर्षों में सभी गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने और हर घर तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य है। साथ ही वर्ष 2028 तक जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर में पेयजल उपलब्ध कराने की योजना है।

उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कार्यालय परिसर के पास स्थित बरसाती गड्ढे को जल संग्रहण के लिए विकसित करने तथा आधा एकड़ क्षेत्र में लघु जंगल विकसित करने की बात कही। साथ ही जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से पौधरोपण कर उनकी देखरेख की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।

सांसद भारती पारधी ने अपने संबोधन में कहा कि अटल सुशासन भवन ग्रामीण प्रशासन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं विधायक दिनेश राय ने कहा कि सरकार द्वारा सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से गांवों का तेजी से विकास हो रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डेहरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन, जनपद अध्यक्ष किरण भलावी, नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button