साहिबगंज के पेशेवर गिरोह पर संदेह, झारखंड पहुंची कटनी पुलिस, वारदात को अंजाम देने के बाद आटो से पहुंचे स्टेशन, टे्रन से भागे, आईजी का दावा : जल्द पकड़ा जाएगा गिरोह

कटनी, यशभारत। बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स में 11-12 नवंबर की रात हुई 15 करोड़ की सनसनीखेज चोरी की वारदात के तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। 72 घंटे की पड़ताल के बाद पुलिस केवल इतना पता लगाने में सफल रही कि इस वारदात में झारखंड के किसी पेशेवर गिरोह का हाथ है। यह गिरोह कटनी कब आया और किस तरह वारदात को अंजाम दिया, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच में जुटी हुई है। तीन टीमें दूसरे राज्यों की खाक छान रही है। स्थानीय स्तर पर भी अधिकारी मामले की गुत्थी सुलझाने में लगे हुए हैं। दोपहर बाद कटनी पहुंचे आईजी प्रमोद वर्मा ने मीडिया से बातचीत के बाद इस वारदात में झारखंड कनेक्शन होने की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि वारदात में किसी पेशेवर गिरोह का हाथ है। किसना ज्वेलर्स में चोरी की वारदात के बाद पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। वारदात में 7 आरोपियों की भूमिका सामने आई है। ये आरोपी 11 नवंबर को कटनी पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। सूत्रों के मुताबिक आरोपी दीवार तोडऩे के लिए टूलकिट मुंबई से खरीदकर साथ लाए थे, जबकि गैस, ऑक्सीजन सिलेंडर एवं कटर कटनी में खरीदा। वारदात की दरमियानी रात चार बदमाश दीवार में सेंध लगाकर शोरूम के भीतर घुसे हुए और 3 बदमाश आसपास निगरानी करते रहे। आभूषण समेटने के बाद सभी आरोपी ऑटो से रेलवे स्टेशन पहुंचे और सतना की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार होकर भाग निकले।
इन सुरागों से मिल रही मदद
पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात में शामिल संदिग्धों को चिन्हित किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए उत्तरप्रदेश और बिहार में दबिश दी जा रही है। जांच में सामने आया है कि बदमाश दीवार तोडऩे के उपकरण अपने साथ लेकर आए थे। ये उपकरण मुंबई में खरीदे गए थे। घटनास्थल के समीप लाल पहाड़ी क्षेत्र में मिली एक रसीद से पुलिस को खरीदी का सुराग मिला है। तिजोरी और लॉकर काटने के लिए गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर और कटर कटनी से खरीदे गए थे। जांच में सामने आया है कि शोरूम में तिजोरी नहीं थी और सिलेंडर-कटर का इस्तेमाल नहीं हुआ। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के उपकरण खरीदारी के दौरान उनकी मदद किसने की। गिरोह की गतिविधियों और खरीदारी से जुड़े अन्य साक्ष्यों पता लगाया जा रहा है।
स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद
वारदात के बाद आरोपियों ने शहर से निकलने के लिए ऑटो का इस्तेमाल किया। वे ऑटो से कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे और सतना की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर उनके हुलिए और आगे की आवाजाही का पता लगाने का प्रयास कर रही है। कटनी से प्रयागराज के बीच रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि ट्रेन से निकलने के बाद आरोपी कहां पहुंचे और किन लोगों के संपर्क में आए।
घटना से पहले कटनी आकर की रैकी
पुलिस को यह इनपुट भी मिला है कि चोरी से कुछ दिन पहले दो आरोपी कटनी पहुंचे थे और उन्होंने शोरूम की रैकी की थी। आरोपियों के वारदात से पहले सतना जिले में ठहरने की जानकारी भी जांच में सामने आई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि दोनों आरोपी कहां रुके थे। कटनी में कितनी देर रहे और किन रास्तों से शोरूम तक पहुंचे। यह भी जांच का विषय है कि रेकी करने वाले दोनों आरोपी सात सदस्यीय गिरोह के ही हिस्से थे या उन्होंने किसी अन्य के लिए शोरूम की जानकारी जुटाई थी। यदि रैकी और चोरी में शामिल लोगों की कडिय़ां जुड़ती हैं तो गिरोह की पूरी योजना और उसके स्थानीय संपर्कों का पता चल सकता है।
चार बदमाश अंदर, तीन बाहर
वारदात की रात बदमाशों ने शोरूम के पीछे की दीवार में छेद किया और उसी रास्ते अंदर दाखिल हुए। सीसीटीवी फुटेज में चार लोगों के शोरूम के भीतर चोरी करते दिखाई देने की जानकारी सामने आई है, जबकि तीन अन्य आसपास रहकर निगरानी कर रहे थे। अंदर पहुंचे बदमाशों ने हीरे, सोने और अन्य कीमती आभूषण समेटे और उसी सेंध के रास्ते बाहर निकल गए। शुरुआती आकलन में चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 10 करोड़ रुपए बताई गई थी लेकिन आभूषणों के मिलान के बाद नुकसान का आंकड़ा बढक़र करीब 15 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर सातों संदिग्धों की अलग-अलग भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
सुरक्षा और निगरानी पर सवाल
चोरी की इस बड़ी वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वैलरी शोरूम में करोड़ों की चोरी ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। आरोपी दूसरे शहर से कटनी पहुंचे। यहां जरूरी सामान खरीदा। रेकी की और रात में बड़ी वारदात को अंजाम देकर रेलवे स्टेशन से निकल भी गए। अब पुलिस के सामने सिर्फ आरोपियों को पकडऩे की चुनौती नहीं है, बल्कि यह भी पता लगाना है कि इतनी बड़ी वारदात की योजना बनाने में उन्हें किस स्तर पर मदद मिली और चोरी के बाद आभूषण कहां खपाने की तैयारी थी।
पेशेवर अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम : आईजी
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आईजी प्रमोद वर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि अब तक की जांच में वारदात में 6 से 7 लोगों के शामिल होने के संकेत मिले हैं। इनमें अधिकांश पेशेवर अपराधी हैं और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुराने गिरोह द्वारा वारदात को अंजाम दिया जाना लग रहा है। उन्होंने बताया कि झारखंड के साहिबगंज इलाके से इस गिरोह को लेकर अहम सुराग मिले हैं। प्रयागराज, दानापुर और साहिबगंज में पुलिस की टीमें पड़ताल कर रही हैं। आईजी के अनुसार चोरी गए माल का आकलन शोरूम संचालक से मिले दस्तावेजों के आधार पर किया जा रहा है। फिलहाल चोरी की रकम 15-16 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। आइजी श्री वर्मा ने बताया कि इस मामले में कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उत्तरप्रदेश के प्रयागराज, बिहार के दानापुर और झारखंड के कई शहरों में पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से जांच कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
आईजी ने कटनी पहुंचकर लिया अपडेट
वारदात की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने शोरूम के पीछे बनाई गई सेंध, बदमाशों के प्रवेश के रास्ते और वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच में जुटी टीम से अब तक मिले साक्ष्यों, संदिग्धों की पहचान और संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी ली और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए है। वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरात की बरामदगी के लिए जांच तेज कर दी है। आईजी ने दावा किया कि पुलिस को जल्द ही मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।









