
जबलपुर, यश भारत:उत्तर प्रदेश के बहराइच से एक नाबालिग से जुड़े गंभीर मामले में कार्रवाई कर लौट रही लॉर्डगंज पुलिस टीम उस वक्त खौफनाक हादसे का शिकार होते-होते बच गई, जब तेज रफ्तार में दौड़ रही उनकी कार का पिछला पहिया अचानक निकलकर अलग हो गया। घटना प्रयागराज (इलाहाबाद) के पास एक ओवरब्रिज पर हुई, जहां कुछ सेकंड की चूक पूरे स्टाफ की जान पर भारी पड़ सकती थी।
चलती गाड़ी में अचानक ‘मौत का झटका’:प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवरब्रिज पर जैसे ही वाहन तेज गति से आगे बढ़ रहा था, तभी जोरदार झटके के साथ पीछे का पूरा चक्का निकल गया। कार बेकाबू होकर लहराने लगी और कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो बड़ा हादसा अब तय है।
ड्राइवर की सूझबूझ ने बचाई जान:स्थिति बेहद भयावह थी, लेकिन चालक ने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए किसी तरह वाहन को नियंत्रित कर लिया। अगर जरा सी भी चूक होती, तो कार ओवरब्रिज से टकरा सकती थी या पलट सकती थी, जिससे बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
कार में सवार था पूरा लॉर्डगंज स्टाफ:इस वाहन में लॉर्डगंज थाने का पूरा स्टाफ मौजूद था, जो बहराइच से कार्रवाई के बाद वापस लौट रहा था। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर दहशत का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी कर्मचारी सुरक्षित बच निकले।
तकनीकी खामी या लापरवाही? जांच शुरू:प्रारंभिक तौर पर वाहन में तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है, लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या वाहन की सही जांच नहीं की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन की पूरी तकनीकी पड़ताल कराई जा रही है।इस घटना ने साफ कर दिया कि सड़क पर एक छोटी सी चूक या लापरवाही भी बड़े हादसे में बदल सकती है। फिलहाल, इस खौफनाक मंजर में सभी की जान बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।







