मध्य प्रदेशराज्य

समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी न होंने से किसान परेशान : आक्रोशित किसानों ने सड़क पर लगाया जाम

सिवनी यश भारत:-समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी नहीं होने से भडक़े किसानों ने दोपहर के समय नागपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे क्रमांक 44 पर श्रीराम मंदिर कलबोड़ी के सामने जाम लगा दिया। ट्रेक्टर अड़ा कर जाम लगाने के कारण फोरलेन में दोनों ओर से आवागमन बंद हो गया। वाहनों के पहिए थमने के कारण दोनों ओर मालवाहक वाहनों के साथ यात्री बसों और अन्य छोटे वाहनों की लंबी कतार लग गई। किसानों के प्रदर्शन की जानकारी लगते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाइश दी। करीब आधे घंटे हाइवे में प्रदर्शन के बाद किसानो का आक्रोश शांत हुआ।

 

दअरसल कुरई ब्लाक के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सिंदरिया मोहगांव सडक़ द्वारा वर्धमान वेयरहाउस कलबोड़ी में मूंग खरीदी की जा रही है। किसानों का आरोप है कि इस खरीदी केंद्र में साफ व अच्छी मूंग को सर्वेयर द्वारा रिजेक्ट किया जा रहा है। किसान अरविंद सनोडिया पिपरिया, विपुल सनोडिया सिमरिया, शुभम पटेल केदारपुर, शुभम पटेल हथनापुर, बसंत शेंडे पलारी, दिमागचंद सनोडिया सिमरिया,अभिषेक सनोडिया परतापुर,आदित्य राजपूत मारबोड़ी और सुरेश साहू केवलारी समेत अन्य किसानों ने आरोप लगाते हुए बताया कि उपार्जन केंद्र में बारीक छन्ने से मूंग की छनाई की जा रही है। इससे किसानों की मूंग में मिट्टी अधिक बच रही है। इसी को लेकर सर्वेयर द्वारा मूंग को नहीं लेने की बात कही जा रही है। अधिकांश किसानों की साफ मूंग को भी रिजेक्ट किया जा रहा है। कई बार मूंग खरीदने के अनुरोध के बाद भी जब खरीदी नहीं की गई तो पांच-छह दिनों से खरीदी केंद्र मूंग लेकर आने वाले किसानों का आक्रोश फूट गया और उन्होंने सडक़ पर उतकर जाम लगा दिया।

 

नागपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे के दोनों ओर बड़ी संख्या में एकत्रित किसानों द्वारा जाम लगाने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। लगभग आधे घंटे तक हाइवे में किसानों के प्रदर्शन से यात्रियों को परेशानी हुई। स्थिति को देखते हुए कुरई एसडीएम प्रशांत उइके, कुरई तहसीलदार सतीश चौधरी, एसडीओपी ललित गठरे और कुरई टीआई कृपाल सिंह टेकाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाइश देने के साथ ही आज से ही खरीदी शुरू कराने का आश्वासन दिया। इससे किसान शांत हुए और जाम खोल दिया।

 

समझाइश के बाद सभी अधिकारी किसानों के साथ खरीदी केंद्र वर्धमान वेयरहाउस कलबोड़ी पहुंचे। यहां किसानों ने बताया कि उनकी मूंग को छोटे और बारीक छन्ने से छनाकर देखा जा रहा है। यहां कोई मशीन नहीं है जिससे मूंग के मानक या अमानक होने की जांच की जा सके।

कुरई एसडीए प्रशांत उइके का कहना है कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सिंदरिया मोहगांव सडक़ द्वारा वर्धमान वेयरहाउस कलबोड़ी में मूंग खरीदी की जा रही है। यहां मूंग को अमानक करने की बात से आक्रोशित किसानों ने हाइवे पर जाम लगा दिया गया। करीब 20 से 25 मिनिट तक किसानों ने हाइवे पर प्रदर्शन किया। समझाइश के बाद किसान शांत हो गए और जाम खोल दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button