लापता छात्र का कुएं में तैरता मिला शव, गले पर धारदार हथियार के निशान से हत्या की आशंका गहरायी, क्राइम सीन बयां कर रहा खौफनाक दास्तान: टावर के पास मिले खून के धब्बे
रिलायंस टावर के पास मिले मोबाइल, खून के धब्बे और जूते; डॉग स्क्वाड और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के थाना बांदरी की रजवांस चौकी अंतर्गत खुरई रोड स्थित एक वेयरहाउस के पीछे खेत में बने कुएं में २२ वर्षीय लापता युवक का शव तैरता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित अहिरवार (पिता रघुवीर अहिरवार, उम्र २२ वर्ष), निवासी इनायतपुर (थाना खिमलासा) के रूप में हुई है। रोहित बीते दो दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम, डॉग स्क्वाड और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
टावर के पास मिले खून के धब्ब
दरअसल, यह पूरा मामला उस समय बेहद गंभीर मोड़ पर आ गया था, जब रजवांस में रिलायंस टावर के पास लापता युवक रोहित का मोबाइल फोन, जूता, बैग और जमीन पर खून के गाढ़े धब्बे बिखरे मिले थे। इतना ही नहीं, घटनास्थल से करीब ५०० मीटर दूर युवक का बैग बरामद हुआ, जबकि पास में ही बने एक शौचालय के दरवाजे और कटीली तार फेंसिंग पर खून के बड़े-बड़े निशान पाए गए थे। इन साक्ष्यों के मिलते ही पुलिस ने इलाके को पूरी तरह घेरकर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, जिसके करीब ३६ घंटे बाद युवक का शव खेत के कुएं में बरामद हुआ।
शुरुआती जांच में मृतक रोहित के गले पर किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने के साफ निशान मिले हैं, साथ ही शरीर पर चोटों के गंभीर घाव पाए गए हैं। इन साक्ष्यों ने पुलिस की थ्योरी में ‘हत्या की आशंका’ को पूरी तरह से गहरा दिया है।
सागर में रहकर कर रहा था बीएससी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रोहित सागर में रहकर बीएससी की पढ़ाई करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दो दिन पहले वह बस में सवार होकर अपने गांव इनायतपुर लौट रहा था और उसकी आखिरी लोकेशन रजवांस-खुरई बस स्टैंड क्षेत्र में मिली थी। जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो चिंतित परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क साधा, लेकिन फोन बंद आता रहा। बाद में जब पुलिस के जरिए रिलायंस टावर के पास रोहित का सामान मिलने की सूचना मिली, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि रोहित बेहद सीधा था और उसका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था।
निष्पक्ष जांच और विशेषज्ञों से पोस्टमार्टम कराने की उठी मांग; मौके पर प्रशासनिक अमला मुस्तैद
घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था और उपजे जनाक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) संजीव उइके, एसडीएम मनोज चौरसिया, तहसीलदार कमलेश सतनामी, बांदरी थाना प्रभारी सुम्मेर जागेत, और रजवांस चौकी प्रभारी विजय पटेल सहित जिले के कई थानों का पुलिस बल मुस्तैद रहा। बड़ी संख्या में समाजजन और नगरवासी भी मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों और समाज के लोगों ने शासन-प्रशासन से इस अंधे कत्ल की निष्पक्ष जांच व आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम सागर जिला मुख्यालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की पैनल निगरानी में कराने की मांग उठाई गई है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी है।







