नगरपालिका CMO के साथ अभद्रता, अतिक्रमण हटाने को लेकर बवाल , वीडियो वायरल

दमोह। शहर के पठानी मोहल्ला क्षेत्र में मंगलवार को बारिश पूर्व नाली सफाई एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगरपालिका सीएमओ के साथ अभद्रता और हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका द्वारा बारिश के मौसम को देखते हुए नालियों की सफाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान नगरपालिका सीएमओ मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे थे। इसी बीच वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अचानक विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बिना किसी बातचीत और बहस के सीधे अधिकारी के साथ अभद्रता करते हुए हमला करता नजर आ रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और नगर पालिका कर्मचारियों सहित स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया।
घटना के बाद प्रशासनिक अमले में नाराजगी देखी जा रही है। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और पूरे घटनाक्रम को लेकर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वहीं नगर पालिका द्वारा शहर में बारिश पूर्व सफाई एवं अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखने की बात कही गई है।







