ब्रेकिंग : कल सुबह कटनी आ रहे संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत, मेन रेलवे स्टेशन में रुककर शहडोल के लिए करेंगे प्रस्थान, आज से ही पुलिस अलर्ट मोड पर, सुरक्षा के तगड़े इंतजाम

कटनी, यशभारत । राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख डॉ मोहन भागवत का कल 20 मई को सुबह अल्प प्रवास पर कटनी आगमन हो रहा है। वे कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर कुछ ही समय बाद सड़क मार्ग से शहडोल के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके आगमन के मद्देनजर आज से ही रेल और पुलिस प्रशासन चौकन्ना नजर आ रहा है। रेलवे स्टेशन में चाक चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं। संघ प्रमुख मोहन भागवत को केंद्र सरकार द्वारा जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है, लिहाजा सुरक्षा के दृष्टिकोण से कटनी पुलिस और रेल पुलिस खास सतर्कता बरत रही हैं।
कल 20 मई की सुबह डॉ मोहन भागवत के कटनी स्टेशन आने की पुष्टि कटनी में संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने की। बताया गया है कि वे संघ के मुख्यालय नागपुर से आकर शहडोल प्रस्थान करेंगे। सूत्रों के मुताबिक वे नागपुर रीवा इतवारी ट्रेन से आ रहे हैं। केवल संघ से जुड़े बड़े पदाधिकारियों को ही इसकी भनक है। पता चला है कि कटनी स्टेशन पर संघ प्रमुख की अगवानी करने संघ के प्रांतीय पदाधिकारी रात में ही कटनी आ रहे है। वे सुबह स्टेशन पर मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि डॉ मोहन भागवत कुछ समय पूर्व जब कटनी से निकले थे, तब उन्होंने डीपीएस स्कूल में विश्राम कर काफी वक्त दिया था और स्कूल के स्टाफ के साथ बच्चों से भी मुलाकात की थी। तब संघ के काफी लोग उनसे मिलने पहुंचे थे।
शहडोल में विकास वर्ग में शामिल हो रहे भागवत
जानकारी के मुताबिक संघ प्रमुख डा मोहन भागवत आरएसएस के कार्यकर्ता विकास वर्ग (द्वितीय वर्ष ) में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे। सूत्रों के मुताबिक सीआईएसएफ के तकरीबन 15 से 20 अधिकारी शहडोल पहुंच चुके हैं और कार्यक्रम स्थल यानी वर्ग जहां चल रहा है, वहां उन्होंने कमान संभाल ली है। शहडोल जिला मुख्यालय के पांडव नगर स्थित सरस्वती स्कूल परिसर में यह वर्ग चल रहा है जिसकी शुरुआत 19 मई की सुबह हो चुकी है। अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख ने इस वर्ग का उद्घाटन किया है और अब कल 20 मई को संघ के सरसंघ चालक डॉ भागवत शहडोल पहुंच रहे हैं । उनकी सुरक्षा जेड प्लस श्रेणी की रहती है, जिसके कारण यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। जहां सीआईएसएफ के विशेष अधिकारी शहडोल पहुंच चुके हैं तो वहीं जिले से बाहर के तकरीबन 250 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षा में तैनात किए गए है। शहडोल के पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव का कहना है कि संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत को केंद्र सरकार की ओर से जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है , जिसके चलते विशेष इंतजाम किए गए हैं। 15 से 18 सीआईएसएफ के अधिकारी तथा तकरीबन 250 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जो कि बाहर से आ रहे हैं, उनको यहां तैनात किया गया है। एसपी ने बताया कि जहां वर्ग का आयोजन चल रहा है उस स्थल को विशेष सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है ।







