जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

जबलपुर में सूर्यदेव के तल्ख तेवर: 44.6 डिग्री के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन, नौतपा में और बरसेगी आग

जबलपुर। मध्य प्रदेश में मौसम ने पूरी तरह से करवट बदल ली है। मई की शुरुआत में जहां आंधी-बारिश से लोगों को राहत थी, वहीं अब भीषण लू (Heat Wave) और तपती धूप ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है। संस्कारधानी जबलपुर सहित पूरा संभाग इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। मंगलवार को जबलपुर में पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जिसने इस सीजन के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और यह अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

रात में भी राहत नहीं, कूलर-पंखे हुए फेल

मंगलवार सुबह से ही सूर्यदेव के तेवर बेहद तल्ख रहे। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और गर्म हवा के थपेड़ों (लू) ने लोगों को हलाकान कर दिया। हालत यह है कि घरों में चल रहे पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे हैं। सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब तपने लगी हैं। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोग रात में भी उमस और गर्मी से परेशान रहे।

मौसम विभाग की चेतावनी: 3 से 4 दिनों तक और बढ़ेगा पारा

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में बारिश का कोई भी सिस्टम सक्रिय नहीं है। इस वजह से आने वाले 3-4 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। शुष्क हवाओं के कारण अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। जबलपुर संभाग सहित मध्य प्रदेश का लगभग आधा हिस्सा इस समय लू की गंभीर चपेट में है।

प्रशासन की अपील: दोपहर 12 से 4 बजे के बीच रहें सतर्क

मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। इस दौरान लू का प्रकोप सबसे घातक होता है। शरीर में पानी की कमी न होने दें और ज्यादा से ज्यादा पानी, ओआरएस, नींबू पानी या अन्य प्राकृतिक तरल पदार्थों का सेवन करें।

टूट सकता है 10 सालों का रिकॉर्ड, जोरदार तपेगा ‘नौतपा’

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है और इस बार नौतपा में भीषण गर्मी के सारे रिकॉर्ड टूट सकते हैं। मई के महीने में जबलपुर में अमूमन पश्चिमी हवाएं चलती हैं, जो बेहद गर्म होती हैं। दोपहर के बाद इन हवाओं की रफ्तार बढ़ने से असहजता और ज्यादा बढ़ जाती है।

अगर इतिहास पर नजर डालें तो जबलपुर में ऑल टाइम हाई तापमान 25 मई 1954 को 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो नौतपा का पहला दिन था। वहीं, पिछले 10 वर्षों की बात करें तो 29 मई 2018 को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौजूदा हालातों को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि इस बार गर्मी पिछले कई सालों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button